जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों के पानी की टंकी में मृत मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव की है, जहां रविवार देर रात पति-पत्नी और उनके दो बच्चों के शव पानी की टंकी से बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या की आशंका सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है। रामदेवरा थाना प्रभारी देवकिशन ने बताया कि जसराज के भाई ने उसे पानी की टंकी की ओर जाते और उसमें कूदते हुए देखा। इसके बाद उसने शोर मचाया, जिस पर परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हालांकि जब तक लोग टंकी तक पहुंचे, तब तक चारों की डूबने से मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान जसराज सुथार (29), उनकी पत्नी निर्मा सुथार (25), 10 वर्षीय पुत्र भरत और 5 वर्षीय पुत्री मनीषा के रूप में हुई है। चारों एक ही परिवार के सदस्य थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी मौत की वजह
ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी शवों को पानी की टंकी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा महिला के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की आशंका सामने आई है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पुलिस परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
इस हृदयविदारक घटना से लोहारकी गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अफवाह या अटकलें न लगाएं।


