Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में कनेक्शन काटने पहुंचे बिजलीकर्मी से मारपीट: CCTV में कैद हुई पूरी घटना

मुजफ्फरनगर में कनेक्शन काटने पहुंचे बिजलीकर्मी से मारपीट: CCTV में कैद हुई पूरी घटना

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के पुरकाजी कस्बे में बकाया बिजली बिल की वसूली और बिजली कनेक्शन काटने गई विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है, जिसका पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) की टीम बुधवार को क्षेत्र में बकाया बिजली बिल की वसूली और डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के अभियान पर निकली हुई थी। इसी दौरान टीम में शामिल संविदाकर्मी शमीम द्वारा एक उपभोक्ता का बकाया होने पर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज एक युवक ने टीम की मौजूदगी में शमीम के साथ मारपीट कर दी।

घटना अचानक होने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। वहीं पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब जांच का अहम आधार माना जा रहा है। ये वीडियो शाम होते होते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मारपीट में घायल संविदाकर्मी शमीम ने पुरकाजी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।

पुरकाजी थाना प्रभारी निरीक्षक मानवेंद्र भाटी ने बताया कि संविदाकर्मी की ओर से मारपीट की तहरीर प्राप्त हुई है। पीड़ित का मेडिकल कराया गया है तथा मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर मंडी में भीषण आग: दोने-पत्तल और तिरपाल के गोदाम धधका, 6 घंटों बाद भी जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

 

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें