Home » विविध इंडिया » दिल्ली में घर से ज्वेलरी और नकदी चोरी का खुलासा: नौकरानी और उसका साथी गिरफ्तार, हीरे की अंगूठियां बरामद

दिल्ली में घर से ज्वेलरी और नकदी चोरी का खुलासा: नौकरानी और उसका साथी गिरफ्तार, हीरे की अंगूठियां बरामद

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले की कृष्णा नगर थाना पुलिस ने घर से सोने के आभूषण और नकदी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए घर में काम करने वाली नौकरानी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो हीरे की अंगूठियां और 9,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी सचिन गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 जून को दिन के समय उनके घर की अलमारी से दो हीरे की अंगूठियां, सोने के झुमकों की एक जोड़ी और 15,800 रुपये नकद चोरी हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कृष्णा नगर में ई-एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला चोरी का राज

मामले की जांच हेड कांस्टेबल नीरज को सौंपी गई। इंस्पेक्टर विजेंद्र राणा के नेतृत्व में गठित टीम में हेड कांस्टेबल नवीन मलिक, हेड कांस्टेबल सचिन और हेड कांस्टेबल अरुण को शामिल किया गया। पूरी जांच एसीपी गांधी नगर और डीसीपी शाहदरा की निगरानी में की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शिकायतकर्ता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।

नौकरानी ने साथी के साथ मिलकर रची थी साजिश

जांच के दौरान पुलिस का शक शिकायतकर्ता के घर में काम करने वाली नौकरानी मोनिका पर गया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि उसने अपने साथी विनीत के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी।

ALSO READ THIS :  एनसीआर में गर्मी और उमस का येलो अलर्ट, 18 जुलाई से बारिश और तेज हवाओं से मिलेगी राहत

पुलिस ने मिली जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव तहारपुर भाबिसा में छापेमारी कर विनीत को गिरफ्तार किया। इसके बाद सह-आरोपी मोनिका को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म, बरामद हुआ चोरी का सामान

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दो हीरे की अंगूठियां और 9,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि चोरी गए अन्य आभूषणों और नकदी की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका तो नहीं थी।

शाहदरा पुलिस ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें