मुजफ्फरनगर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर शहर के हृदय स्थल शिव चौक पर किरण समाज उत्थान सेवा समिति द्वारा एक गरिमामय एवं सेवाभावी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पर्व की खुशी साझा करने और अमर बलिदानियों को नमन करने के उद्देश्य से समिति के सदस्यों ने शिव चौक पर श्रद्धालुओं व आम जनमानस को प्रसाद वितरित किया।

शिव चौक पर आयोजित इस प्रसाद वितरण कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला। समिति के पदाधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और देश की एकता, अखंडता तथा आपसी भाईचारे को अक्षुण्ण रखने का संदेश दिया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वाधीनता दिवस न केवल हमारे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है, बल्कि यह हमें समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा भी देता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के प्रमुख सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से सूर्यकांत, जोनी सिंह , वंश कुमार और अक्षय कुमार फौजी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एकजुट होकर राहगीरों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया।



