देहरादून। कुमाऊं रेजीमेंट की चौथी बटालियन के पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात की। पूर्व सैनिकों ने देहरादून स्थित चीड़बाग के निकट शौर्य स्थल में भारतीय सेना के प्रथम परमवीर चक्र विजेता शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि मेजर सोमनाथ शर्मा भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास के उन वीर योद्धाओं में शामिल हैं, जिनका सर्वोच्च बलिदान देश की रक्षा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। शौर्य स्थल पर उनकी प्रतिमा स्थापित होने से उनके साहस और बलिदान को स्थायी सम्मान मिल सकेगा।
बड़गाम की लड़ाई में दिखाया था अदम्य साहस
पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि मेजर सोमनाथ शर्मा चार कुमाऊं के वीर सपूत थे। वर्ष 1947 में जम्मू कश्मीर के बड़गाम में उन्होंने दुश्मन के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए अदम्य साहस और असाधारण नेतृत्व का परिचय दिया था।
देश की रक्षा करते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके अद्वितीय शौर्य और वीरता के सम्मान में उन्हें मरणोपरांत देश के प्रथम परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि मेजर सोमनाथ शर्मा का जीवन और बलिदान भारतीय सैन्य इतिहास की गौरवशाली विरासत का हिस्सा है।
शौर्य स्थल पर प्रतिमा से युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
पूर्व सैनिक संगठन ने कहा कि शौर्य स्थल में मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा स्थापित किए जाने से आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, वीरता और राष्ट्रसेवा के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं होगी, बल्कि युवाओं के लिए राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणा का केंद्र बनेगी। इससे देहरादून के शौर्य स्थल की महत्ता भी और बढ़ेगी।
तीन नवंबर को अनावरण का दिया सुझाव
संगठन ने ज्ञापन में मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा का अनावरण तीन नवंबर को किए जाने का सुझाव भी दिया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि चार कुमाऊं की पलटन, नैनी, कुमाऊं रेजीमेंट के गौरवशाली परिवारों और देहरादूनवासियों के सहयोग से प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम को भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जा सकता है।
पूर्व सैनिकों का कहना है कि ऐसे आयोजन वीर सैनिकों की स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ समाज में राष्ट्रसेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं।
सैनिक कल्याण मंत्री ने दिया कार्रवाई का भरोसा
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मेजर सोमनाथ शर्मा के शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को सम्मानित करने संबंधी प्रस्ताव पर उचित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों की शौर्यगाथाएं युवा पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रही हैं। वीर सैनिकों और उनके बलिदान को सम्मान देना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों के सम्मान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कई पूर्व सैनिक रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सैनिक सूबेदार महिपाल सिंह देवपा, सुरेश राठौर, हरिपाल सिंह कार्की, गोविंद सिंह खरकवाल सहित संगठन के अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शौर्य स्थल में मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में जल्द आवश्यक कदम उठाएगी।



