Home » उत्तर प्रदेश » पटाखा व्यापारियों के साथ खड़ी योगी सरकार! डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- ‘मैं सभी पटाखा वालों के साथ हूं’, उत्पीड़न न होने का भरोसा

पटाखा व्यापारियों के साथ खड़ी योगी सरकार! डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- ‘मैं सभी पटाखा वालों के साथ हूं’, उत्पीड़न न होने का भरोसा

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अटल बिहारी कन्वेंशन सेंटर में फायरवर्क्स डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। प्रदेशभर से पहुंचे पटाखा व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने इसमें हिस्सा लिया। अधिवेशन में आतिशबाजी कारोबार से जुड़ी समस्याओं, सुरक्षा मानकों, व्यापार को सुगम बनाने और कारोबारियों के सामने आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रहे। उन्होंने पटाखा व्यापारियों को सरकार की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि “मैं सभी पटाखा वालों के साथ हूं।” उन्होंने व्यापारियों से अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों तथा नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि पटाखा व्यापारियों का उत्पीड़न या शोषण किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाएगा।

सुरक्षा नियमों का पालन करें व्यापारी, सरकार देगी सहयोग

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आतिशबाजी का कारोबार सुरक्षा मानकों से सीधे जुड़ा हुआ है। ऐसे में व्यापारियों को सभी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए कारोबार करना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि नियमों के दायरे में रहकर व्यापार करने वालों के साथ सरकार खड़ी है।

उनके इस आश्वासन का अधिवेशन में मौजूद व्यापारियों ने स्वागत किया। व्यापारियों ने कहा कि वे भी सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से अपना कारोबार करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अनावश्यक उत्पीड़न से राहत मिलनी चाहिए।

मोहसिन रजा बोले, पटाखा व्यापारी मेरे परिवार का हिस्सा

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने भी पटाखा व्यापारियों को समर्थन का भरोसा दिया। उन्होंने व्यापारियों को अपना परिवार बताते हुए कहा कि “सभी पटाखा वाले मेरे परिवार के सदस्य हैं।”

ALSO READ THIS :  "लंबे इंतजार के बाद मिली बड़ी राहत!" यूपी के राशन डीलरों को सीएम योगी का बड़ा तोहफा, लाभांश में भारी बढ़ोतरी

मोहसिन रजा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह व्यापारियों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर रात के दो बजे भी उनकी जरूरत पड़ेगी तो वह उपलब्ध रहेंगे। उनके इस बयान पर अधिवेशन में मौजूद व्यापारियों ने समर्थन जताया।

केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय तक पहुंचेंगे व्यापारियों के मुद्दे

विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार सरल व्यापार की दिशा में कारोबारियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पटाखा व्यापारियों की समस्याओं के साथ कारोबार से जुड़े जमीनी तथ्यों और वास्तविक परिस्थितियों को केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के सामने भी रखा जाएगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं को रखने से उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे। उन्होंने संगठन और व्यापारियों को सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

व्यापारी कल्याण बोर्ड ने भी दिया साथ का भरोसा

व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने आतिशबाजी कारोबारियों को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि वह संगठन और व्यापारियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।

विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी ने भी संगठन और पटाखा व्यापारियों को अपना पूर्ण समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर व्यापारियों के हित में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

सम्मान और भयमुक्त माहौल में कारोबार की मांग

अधिवेशन में प्रदेशभर से आए व्यापारियों ने जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए गए आश्वासनों का स्वागत किया। व्यापारियों ने कहा कि उनका संगठन सभी निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सम्मानपूर्वक और सुरक्षित वातावरण में अपना व्यवसाय करना चाहता है।

ALSO READ THIS :  नोएडा एल्डिको सोसाइटी में दर्दनाक हादसा: एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान 2 लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

व्यापारियों का कहना था कि आतिशबाजी कारोबार से जुड़े नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है, लेकिन कारोबारियों को नियमों की जानकारी और स्पष्ट व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

प्रदेशभर के पदाधिकारी और प्रमुख व्यापारी रहे मौजूद

वार्षिक अधिवेशन में संगठन के महासचिव महेश गुप्ता, संगठन मंत्री अनुभव अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अम्बरीश कुमार अग्रवाल, ललित अग्रवाल, अखिलेश गुप्ता, रिजवान अहमद, वेद प्रकाश गुप्ता, दाऊ दयाल अग्रवाल, इमरान अली और सतीश चंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

संगठन के सचिव सचिन अग्रवाल मुजफ्फरनगर, तरुण मोटवानी, तोषित प्रीत सिंह और किशन सूद तथा कोषाध्यक्ष रतन चौरसिया ने भी अधिवेशन में सहभागिता की। मुजफ्फरनगर जनपद से ललित गोयल, मधुसूदन अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, अरुण जैन, संदीप कुमार और रविकांत अग्रवाल समेत अन्य व्यापारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

अनुभव अग्रवाल ने किया कार्यक्रम का संचालन

कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री अनुभव अग्रवाल ने किया। अधिवेशन के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने संगठन को और मजबूत करने तथा व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

हेमंत चांदना बोले, एकजुटता ही संगठन की ताकत

कार्यक्रम के समापन पर संगठन के अध्यक्ष हेमंत चांदना ने मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विशिष्ट अतिथि मोहसिन रजा, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता और रजनीकांत माहेश्वरी तथा व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता का आभार जताया।

उन्होंने प्रदेशभर से अधिवेशन में पहुंचे व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों का भी धन्यवाद किया। हेमंत चांदना ने कहा कि “व्यापारियों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।”

ALSO READ THIS :  अब कच्चे मकानों में नहीं रहेंगे गरीब! डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिए सख्त निर्देश

उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी पटाखा व्यापारियों के सम्मान, अधिकार, सुरक्षित कारोबार और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मजबूती से काम करता रहेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को संगठित तरीके से संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष उठाया जाता रहेगा।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें