Home » गुनाह » आगरा में 58 वर्षीय टीचर की हत्या का खुलासा, गर्लफ्रेंड के बॉयफ्रेंड ने गला रेतकर की थी हत्या; आरोपी गिरफ्तार,ब्लैकबोर्ड पर लिखा था ‘रेपिस्ट’

आगरा में 58 वर्षीय टीचर की हत्या का खुलासा, गर्लफ्रेंड के बॉयफ्रेंड ने गला रेतकर की थी हत्या; आरोपी गिरफ्तार,ब्लैकबोर्ड पर लिखा था ‘रेपिस्ट’

Facebook
Twitter
WhatsApp

आगरा। आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में कोचिंग सेंटर के बेसमेंट से मिले 58 वर्षीय शिक्षक ओमप्रकाश यादव के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शिक्षक की हत्या उनकी कोचिंग में पहले पढ़ चुकी छात्रा के प्रेमी निखिल ने की थी। आरोपी को शक था कि शिक्षक उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं। इसी बात को लेकर वह शिक्षक से बातचीत करने पहुंचा था, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर निखिल ने मटन काटने वाले चाकू से शिक्षक पर कई वार किए और उनका गला रेतकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने कोचिंग सेंटर के ब्लैकबोर्ड पर मार्कर से ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिख दिया, ताकि पुलिस की जांच को भटकाया जा सके। इसके बाद वह शिक्षक का मोबाइल और स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, शिक्षक की स्कूटी, हेलमेट और आरोपी की खून लगी शर्ट बरामद की है।

चार दिन बाद कोचिंग के बेसमेंट में मिला था शव

पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश यादव मूल रूप से कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद क्षेत्र के कठिका गांव के रहने वाले थे। वह करीब 30 वर्षों से आगरा में रह रहे थे। उन्होंने शादी नहीं की थी और आवास विकास कॉलोनी में अपना मकान बना रखा था। वह सेक्टर-7 स्थित शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में शिक्षक थे। इसके साथ ही सेक्टर-3 के वीएस प्लाजा में अपनी कोचिंग भी संचालित करते थे।

बताया गया कि दो नवंबर को ओमप्रकाश यादव कोचिंग सेंटर पहुंचे थे, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटे। चार दिन तक उनका कोई पता नहीं चला। छह नवंबर को कोचिंग सेंटर से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जगदीशपुरा थाना पुलिस ने कोचिंग का दरवाजा खुलवाया तो बेसमेंट में शिक्षक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। आसपास काफी खून फैला हुआ था, जो सूख चुका था।

ALSO READ THIS :  सहारनपुर बुलडोज़र एक्शन में नया मोड़: मस्जिद के नीचे मिला प्राचीन कुआं, प्रशासन ने एएसआई (ASI) जांच का दिया फैसला

शव पर गहरे चोट के निशान थे और गला कटा हुआ था। पुलिस को कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर मार्कर से ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिखा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिक्षक के शरीर पर चोट के नौ निशान पाए गए, जिनमें सात धारदार हथियार से किए गए थे।

कॉल डिटेल से सामने आया पूर्व छात्रा का नंबर

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिक्षक का मोबाइल फोन और स्कूटी गायब है। इसके बाद पुलिस ने उनकी कॉल डिटेल खंगाली। जांच में एक मोबाइल नंबर सामने आया, जिस पर शिक्षक की लगातार बातचीत होती थी। पता चला कि यह नंबर उनकी कोचिंग में पहले पढ़ चुकी 21 वर्षीय युवती का है।

पुलिस ने युवती से पूछताछ की तो उसने अपने प्रेमी निखिल के बारे में जानकारी दी। युवती के मुताबिक, उसका निखिल के साथ करीब 11 महीने से प्रेम संबंध था। निखिल को शक था कि शिक्षक उसे ब्लैकमेल कर रहे हैं। युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि निखिल ने एक बार उसे शिक्षक के साथ पिज्जा खाते हुए देखा था। इसके बाद से वह शिक्षक को लेकर नाराज रहने लगा था।

शुरुआती जांच में पुलिस ने युवती को भी आरोपी बनाया था, लेकिन बाद में जांच के दौरान उसकी हत्या में कोई भूमिका सामने नहीं आई। पुलिस ने इसके बाद निखिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या करना स्वीकार किया।

मोबाइल दिखाने को लेकर हुआ विवाद, चाकू से किया हमला

पुलिस पूछताछ में आरोपी निखिल ने बताया कि दो नवंबर को वह चाकू लेकर शिक्षक से मिलने उनकी कोचिंग पहुंचा था। उसका उद्देश्य शिक्षक से अपनी गर्लफ्रेंड के बारे में बातचीत करना और उनका मोबाइल फोन देखना था। उसने शिक्षक से कहा कि उसकी गर्लफ्रेंड को परेशान न करें। आरोपी के मुताबिक, शिक्षक ने उसकी बात का विरोध किया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

ALSO READ THIS :  डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती: लखनऊ में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अर्पित की पुष्पांजलि,कश्मीर आंदोलन को किया याद!

निखिल ने पुलिस को बताया कि उसने शिक्षक से मोबाइल फोन दिखाने को कहा, लेकिन उन्होंने फोन नहीं दिखाया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर उसने जेब से चाकू निकाला और शिक्षक के गले पर वार कर दिया। शिक्षक के जमीन पर गिरने के बाद उसने उनकी छाती, सिर और गर्दन पर भी कई वार किए। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया।

ब्लैकबोर्ड पर ‘द रेपिस्ट’ लिखकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, हत्या करने के बाद आरोपी ने कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर शिक्षक का नाम लिखकर उसके आगे ‘द रेपिस्ट’ लिख दिया था। पूछताछ में उसने बताया कि ऐसा उसने मामले को दूसरा रूप देने और पुलिस की जांच को गुमराह करने के इरादे से किया था।

अपर एडिशनल डीसीपी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी निखिल शाहगंज थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर का निवासी है। जिस युवती के साथ उसका प्रेम संबंध था, वह करीब दो साल पहले शिक्षक की कोचिंग में पढ़ती थी। पुलिस के अनुसार, निखिल को शिक्षक और युवती के बीच संबंध होने का शक था। युवती दिसंबर से निखिल के संपर्क में आई थी।

अपर डीसीपी के मुताबिक, दो नवंबर की शाम कोचिंग खत्म होने के बाद निखिल शिक्षक के पास पहुंचा था। वह युवती के बारे में पूछताछ करने के साथ शिक्षक का मोबाइल भी देखना चाहता था। इसी दौरान हुए विवाद के बाद उसने मटन काटने वाले चाकू से शिक्षक की हत्या कर दी।

हत्या के बाद गर्लफ्रेंड से मिला, लेकिन नहीं बताई वारदात

ALSO READ THIS :  अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, पहले CEO के नाम पर लगेगी मुहर! संत समाज की निगाहें फैसले पर

पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद निखिल अपनी गर्लफ्रेंड से भी मिला था, लेकिन उसने उसे शिक्षक की हत्या के बारे में कुछ नहीं बताया। युवती को छह नवंबर को पुलिस के माध्यम से शिक्षक की हत्या की जानकारी हुई। पुलिस ने जांच के दौरान युवती की भूमिका की पड़ताल की, लेकिन हत्या में उसकी संलिप्तता नहीं मिली।

सात दिन तक आगरा में ही छिपा रहा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी निखिल करीब सात दिनों तक आगरा में ही अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा। शुरुआत में सीसीटीवी फुटेज में उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिखाई देने के कारण उसकी पहचान करने में परेशानी हुई। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और निखिल तक पहुंच गई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शिक्षक की स्कूटी, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, मृतक का हेलमेट और आरोपी की खून लगी शर्ट बरामद की है। पुलिस के अनुसार, निखिल 11वीं तक पढ़ा है और अपने पिता की जूते की दुकान पर काम करता है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें