Home » उत्तर प्रदेश » आजम खान की रिहाई पर सियासी घमासान, अखिलेश बोले- मिला न्याय; भाजपा ने लगाए गंभीर आरोप

आजम खान की रिहाई पर सियासी घमासान, अखिलेश बोले- मिला न्याय; भाजपा ने लगाए गंभीर आरोप

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की डासना जेल से रिहाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के विधायकों ने उनकी रिहाई का स्वागत करते हुए इसे न्यायिक प्रक्रिया से मिली राहत बताया। वहीं, एआईएमआईएम प्रवक्ता वारिस पठान ने भी जमानत मिलने पर खुशी जाहिर की। दूसरी ओर, भाजपा नेता नाजिया इलाही खान ने आजम खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए सपा नेतृत्व पर निशाना साधा। योगी सरकार के मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि अदालत ने कानून के दायरे में फैसला लिया है, जबकि आचार्य प्रमोद कृष्णम ने रिहाई को न्यायपालिका और लोकतंत्र की मजबूती से जोड़कर देखा।

अखिलेश यादव बोले- आजम खान को न्यायपालिका से मिला न्याय

गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि आजम खान को न्यायपालिका से न्याय मिला है। अखिलेश ने उम्मीद जताई कि आगे भी उन्हें न्याय मिलेगा और उनके खिलाफ दर्ज सभी झूठे मुकदमे समाप्त होंगे। उन्होंने कहा कि आजम खान को न्याय मिलने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहनी चाहिए।

वारिस पठान बोले- जमानत नियम, जेल अपवाद

मुंबई में एआईएमआईएम प्रवक्ता और वकील वारिस पठान ने आजम खान को जमानत मिलने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि आजम साहब को जमानत मिल गई। वह हमेशा उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते रहे हैं।

पठान ने कहा कि कानूनी व्यवस्था में जमानत नियम और जेल अपवाद होना चाहिए। किसी व्यक्ति को वर्षों तक बिना मुकदमे के जेल में नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत न्याय पाने का अवसर मिलना चाहिए।

ALSO READ THIS :  बलिया में पुजारी को बंधक बनाकर लूटने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में 2 को लगी गोली

भाजपा नेता नाजिया इलाही खान ने लगाए आरोप

भाजपा नेता नाजिया इलाही खान ने आजम खान की रिहाई पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया को लेकर तंज कसा। उन्होंने आजम खान को समाजवादी पार्टी का वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव व मुलायम सिंह यादव का करीबी बताते हुए आरोप लगाया कि वह हजारों करोड़ रुपये के कथित धनशोधन और गबन के मामलों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों तक जेल में रहने के बाद आजम खान को आखिरकार बाहर आने का मौका मिला है।

मंत्री दया शंकर सिंह बोले- अदालत ने कानून के तहत लिया फैसला

लखनऊ में योगी सरकार के मंत्री दया शंकर सिंह ने आजम खान की रिहाई पर कहा कि यह फैसला अदालत ने किया है। उन्होंने न्यायपालिका को सर्वोच्च बताते हुए कहा कि अदालत ने जो भी निर्णय लिया है, वह कानून के दायरे में रहकर लिया है। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया के फैसले का सम्मान करने की बात कही।

सपा विधायकों ने ईडी की कार्रवाई पर उठाए सवाल

रामपुर में सपा विधायक नवाब जान खान ने आजम खान के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई गैरकानूनी थी और उच्च न्यायालय ने भी इसे इसी नजरिए से देखा है। उनके मुताबिक, इस कार्रवाई में संविधान के अनुच्छेद 22 का उल्लंघन हुआ।

नवाब जान खान ने सवाल उठाया कि वर्ष 2019 के मामले में वर्ष 2026 में वारंट लेकर गिरफ्तारी क्यों की गई। उनका कहना था कि यदि आजम खान को गिरफ्तार करना था तो जब वह पहले से जेल में थे, उसी समय वारंट तामील कराया जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ जुल्म और ज्यादती की गई।

ALSO READ THIS :  हरियाणवी स्टार उत्तर कुमार को 14 दिन की जेल, रेप आरोप में न्यायिक हिरासत, बेटे का जहर देने का सनसनीखेज दावा

वहीं, लखनऊ में सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने बताया कि उच्च न्यायालय ने मोहम्मद आजम खान की जमानत मंजूर की, जिसके बाद उनकी जेल से रिहाई हुई। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने उनकी जमानत रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने जमानत पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने विपक्ष पर साधा निशाना

गाजियाबाद में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आजम खान की रिहाई को भारत में न्यायपालिका और लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से साबित होता है कि देश में इंसाफ और लोकतंत्र जीवित हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि वे लगातार न्यायपालिका को लेकर सवाल उठाते रहे हैं और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता पर भी आरोप लगाते रहे हैं।

कृष्णम ने कहा कि राहुल गांधी और पूरे विपक्ष को यह स्वीकार करना चाहिए कि भारत में लोकतंत्र कायम है, न्यायपालिका स्वतंत्र है और इंसाफ जिंदा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आजम खान की रिहाई के बाद विपक्ष न्यायपालिका की स्वतंत्रता को लेकर क्या कहेगा।

आजम खान की रिहाई के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों और नेताओं की प्रतिक्रियाओं से प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। जहां सपा इसे न्यायिक राहत बता रही है, वहीं भाजपा और अन्य नेताओं की ओर से इस मामले को लेकर अलग-अलग आरोप और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें