Home » उत्तर प्रदेश » बुलंदशहर में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबे महिला समेत तीन लोगों को बचाया गया

बुलंदशहर में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबे महिला समेत तीन लोगों को बचाया गया

Facebook
Twitter
WhatsApp

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के छतारी कस्बे में शुक्रवार देर रात एक निर्माणाधीन दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के दौरान एक महिला और दो पुरुष मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, दमकल विभाग और एनडीआरएफ समेत राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला की स्थिति सामान्य बताई गई है, जबकि घायल दोनों पुरुषों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

रात करीब एक बजे ढहा मकान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, थाना छतारी क्षेत्र के कस्बा छतारी में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शुक्रवार रात करीब एक बजे अचानक निर्माणाधीन मकान ढह गया। मकान गिरने से मौके पर अफरातफरी मच गई और उसके मलबे में तीन लोग दब गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर बुलाया गया। इसके अलावा एसडीआरएफ, एमडीआरवी वैन और जनपद अलीगढ़ से मल्टी डिजास्टर रिस्पॉन्स व्हीकल की टीम भी बचाव अभियान में शामिल हुई।

रेस्क्यू टीमों ने समन्वय के साथ मलबा हटाकर उसमें दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला। एनडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर कैनाइन सर्च भी की, ताकि मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका की जांच की जा सके।

महिला की हालत सामान्य, दो पुरुष अस्पताल में भर्ती

ALSO READ THIS :  नारी के सम्मान और स्वाभिमान के लिए समर्पित है सरकार: नवरात्रि पर सीएम योगी ने गिनाईं महिला कल्याण योजनाएं

वित्त एवं राजस्व विभाग के एडीएम ने बताया कि रात करीब एक बजे निर्माणाधीन मकान ढहने और तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सभी संबंधित विभागों की टीमों को तत्काल मौके पर भेजकर बचाव अभियान शुरू कराया गया। उन्होंने बताया कि एक महिला और दो पुरुषों समेत तीनों लोगों को सकुशल मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। महिला की स्थिति सामान्य है, जबकि घायल पुरुषों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।

मौके पर स्थिति सामान्य

एडीएम ने बताया कि पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया। फिलहाल घटनास्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें