Home » उत्तराखंड » CM धामी की युवाओं से अपील: 2047 तक विकसित भारत बनाने में निभाएं बड़ी भूमिका

CM धामी की युवाओं से अपील: 2047 तक विकसित भारत बनाने में निभाएं बड़ी भूमिका

Facebook
Twitter
WhatsApp

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को यूपीईएस विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इस संकल्प को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी देश के प्रतिभाशाली युवाओं के कंधों पर है।

मुख्यमंत्री ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके माता-पिता और शिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच आकर उन्हें नई ऊर्जा मिलती है। दीक्षांत समारोह केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है।

असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ें युवा

सीएम धामी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में उन्हें सीखने, गलतियों को सुधारने और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण मिलता है। लेकिन परिसर से बाहर निकलने के बाद वास्तविक जीवन की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यहीं से उनके जीवन की असली परीक्षा शुरू होती है।

उन्होंने कहा कि जीवन में कभी सफलता मिलती है तो कभी असफलता का सामना करना पड़ता है। असफलताओं से निराश होने के बजाय युवाओं को उनसे अपनी कमियों को पहचानने और सीखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने जीवनभर सीखते रहने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति पूरी तरह परिपूर्ण नहीं होता। जीवन के अंतिम पड़ाव तक सीखने की भावना बनाए रखने वाला व्यक्ति ही संतोष और सफलता प्राप्त कर सकता है।

ALSO READ THIS :  भगवान दक्ष प्रजापति जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, 200 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

पांच वर्षों से युवाओं को रोजगार देने पर काम कर रही सरकार : धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिछले पांच वर्षों से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से नियुक्तियां देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी नई यात्रा की शुरुआत जिम्मेदारी के साथ करने और निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद युवाओं के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर होंगे। ऐसे में उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानकर मेहनत और अनुशासन के साथ काम करना चाहिए।

वैश्विक घटनाक्रम के प्रति जागरूक रहने की अपील

सीएम धामी ने दुनिया में जारी संकट और बदलती परिस्थितियों का जिक्र करते हुए युवाओं से वैश्विक घटनाक्रम से सीख लेने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास करती हैं और भारत में भी युवाओं को भ्रमित करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से जागरूक और सतर्क रहने तथा किसी भी बहकावे में न आने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अराजकता, अनुशासनहीनता और बड़ों के प्रति सम्मान में कमी जैसी स्थितियों से बचने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से विवेक और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने का आह्वान किया।

यूपीईएस विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूपीईएस विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ेगा और उत्तराखंड का नाम रोशन करेगा।

ALSO READ THIS :  टिहरी में रफ्तार का कहर: डंपर से कार की आमने-सामने भिड़ंत में भाई-बहन की मौत, दो युवतियां गंभीर

उन्होंने कहा कि देश-विदेश के भ्रमण के दौरान जब लोग उनसे मिलकर बताते हैं कि वे यूपीईएस विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं, तो उन्हें बहुत खुशी होती है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें