Home » उत्तर प्रदेश » ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सफलता पर सीएम योगी का संदेश, बोले- हर शुभ अवसर को वृक्षारोपण से जोड़ें

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सफलता पर सीएम योगी का संदेश, बोले- हर शुभ अवसर को वृक्षारोपण से जोड़ें

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि हर परिवार को अपने जीवन के शुभ अवसरों और संस्कारों को पौधरोपण से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन्मदिन, विवाह, गृह प्रवेश, बेटी की विदाई और अन्य मांगलिक अवसरों पर पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत चलाए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की ऐतिहासिक सफलता पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने 40 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य पूरा कर नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने इसे नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की सामूहिक शक्ति का प्रतीक बताया।

40 करोड़ पौधरोपण से रचा नया इतिहास

प्रदेशवासियों के नाम जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आने वाली पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व और जीवन संरक्षण का संदेश देने वाला महाअभियान है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का परिणाम है। इसके लिए उन्होंने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सरकारी विभागों को शुभकामनाएं दीं।

भारतीय संस्कृति में वृक्षों का विशेष महत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की शुरुआत वनों से हुई है, इसलिए इसे अरण्य संस्कृति भी कहा जाता है। उन्होंने बताया कि वेद, उपनिषद और अनेक महान ग्रंथों की रचना वनों में हुई तथा ऋषि-मुनियों ने वहीं से लोककल्याण का संदेश दिया।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में जहर उगलती चिमनियां: प्रदूषण का खौफनाक कहर, 52 लाख का जुर्माना, फिर भी विभाग सुस्त!

उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रों, पुराणों और परंपराओं में पीपल, वट, आंवला, बेल, पारिजात सहित अनेक वृक्षों का विशेष महत्व बताया गया है। आयुर्वेद के अनुसार ऐसा कोई पौधा नहीं है जिसमें औषधीय गुण न हों। वहीं श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं कहा है कि वृक्षों में वे अश्वत्थ अर्थात पीपल हैं।

वन और हरित आवरण में हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और राज्य सरकार की पर्यावरण संरक्षण नीति के कारण वर्ष 2017 से 2023 के बीच उत्तर प्रदेश के वन और वृक्ष आवरण में लगभग 3 लाख 38 हजार एकड़ की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश का हरित आवरण बढ़कर 9.96 प्रतिशत तक पहुंच चुका है और अब तक राज्य में 280 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

पर्यावरण बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है वृक्षारोपण

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया पर्यावरण असंतुलन, कार्बन उत्सर्जन, वनों की कटाई और जैव विविधता में कमी जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। इन समस्याओं का सबसे प्रभावी और स्थायी समाधान अधिक से अधिक वृक्ष लगाना है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि बच्चों के जन्मदिन पर उनके हाथों पौधे अवश्य लगवाएं। साथ ही बेटी की विदाई जैसे भावनात्मक अवसरों पर भी एक पौधा लगाकर उसे परिवार और प्रकृति के बीच स्नेह का प्रतीक बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को वृक्षारोपण से जोड़ ले, तो आने वाली पीढ़ियों को हरित, सुरक्षित और समृद्ध उत्तर प्रदेश की सौगात दी जा सकती है।

ALSO READ THIS :  झांसी में बरसे डिप्टी सीएम: सपा को बताया 'नमाजवादी पार्टी', बोले-'2027 में सैफई तक सिमट जाएगा अखिलेश का कुनबा'


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें