Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ्फरनगर में मातम: छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, अस्पताल पहुंचे राज्यमंत्री,विधायक पंकज मलिक ने भी जताया शोक

मुज़फ्फरनगर में मातम: छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, अस्पताल पहुंचे राज्यमंत्री,विधायक पंकज मलिक ने भी जताया शोक

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर सीकरी में बीती रात कच्चे मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत और 2 बच्चों के घायल के बाद पूरे जनपद में शोक की लहर है। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल रात के वक्त ही करीब 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचे और उपचाराधीन घायल बच्चों का हालचाल जाना। वहीं, विपक्ष की ओर से चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अस्पताल में भर्ती दोनों घायल बच्चियों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की पूरी जानकारी ली और निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा उन्हें हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले, शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति मिले और घायल बच्चियां जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटें।

उधर, समाजवादी पार्टी के चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी घटना पर शोक जताते हुए कहा कि बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर सीकरी में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की असामयिक मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने विशेष रूप से चार मासूम बच्चों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायल दोनों बच्चियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में सपा-कांग्रेस के संयुक्त प्रदर्शन में हंगामा, नशे में युवक की टिप्पणी से मची अफरा-तफरी; पुलिस ने संभाला मोर्चा

पंकज मलिक ने कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज और उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें