लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री का संवेदनशील और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। गोंडा से क्रिकेटर बनने का सपना लेकर पहुंचे कक्षा-8 के छात्र प्रिंस साहू की फरियाद सुनकर उन्होंने करीब 4-5 मिनट तक उसकी काउंसलिंग की और पढ़ाई के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री ने छात्र से कहा, “बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।” उन्होंने उसे भरोसा दिलाया कि पढ़ाई में अच्छे परिणाम लाने के बाद उसे क्रिकेट कोचिंग में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था कराई जाएगी।
आर्थिक तंगी के कारण नहीं खरीद पा रहा था क्रिकेट किट
गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस साहू कक्षा-8 का छात्र है। सोमवार को वह क्रिकेट खेलने के लिए आर्थिक सहायता और कोचिंग की व्यवस्था कराने की फरियाद लेकर जनता दर्शन में पहुंचा था। लोगों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री जब उसके पास पहुंचे तो उन्होंने बच्चे से वहां आने का कारण पूछा।
प्रिंस ने बताया कि उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का जुनून है और वह इस खेल में नाम कमाना चाहता है। हालांकि, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह क्रिकेट की फीस भरने और जरूरी किट खरीदने में असमर्थ है। उसकी बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने उसे समझाया कि अभी वह कक्षा-8 में है, इसलिए खेल के साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दे। उन्होंने अच्छे अंकों के साथ शैक्षिक सत्र उत्तीर्ण करने की सलाह देते हुए क्रिकेट कोचिंग में प्रवेश दिलाने का भरोसा दिया।
हर फरियादी तक पहुंचे मुख्यमंत्री, खुद लिए प्रार्थना पत्र
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लिए। उन्होंने लोगों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक समस्या का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक होना चाहिए। किसी भी जरूरतमंद को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इलाज के लिए धन की कमी नहीं आने देगी सरकार
मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए एस्टीमेट मिलते ही सरकार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने लोगों से कहा कि वे चिंता न करें, सरकार उनकी समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।
जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को प्रार्थना पत्र भेजकर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाए।

