Home » उत्तर प्रदेश » रामनगरी अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ेगी ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’, राम-सीता की जन्मभूमि जुड़ेंगी रेलमार्ग से; भारत-नेपाल रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती- योगी

रामनगरी अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ेगी ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’, राम-सीता की जन्मभूमि जुड़ेंगी रेलमार्ग से; भारत-नेपाल रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती- योगी

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सीधी रेल सेवा की शुरुआत को भारत और नेपाल के सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को रेल संपर्क से जोड़ना अवध और मिथिला के बीच आत्मीय रिश्तों में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जैसा है। यह पहल दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा को सुगम बनाने के साथ पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मित्र राष्ट्र नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कर-कमलों से अयोध्या धाम और जनकपुरधाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्हें अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच युगों से कायम आत्मीय एवं सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से और अधिक मजबूत होंगे। यह ऐतिहासिक पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण है। इससे दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा आसान होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नई गति मिलेगी।

ALSO READ THIS :  ओपी राजभर का सपा पर बड़ा हमला: अखिलेश यादव इस जन्म में तैयारी बंद करें, अगले जन्म की सोचें

योगी आदित्यनाथ ने अवध को मिथिला से जोड़ने वाली इस पहल के लिए सभी रामभक्तों को बधाई देते हुए ‘जय श्री सीताराम’ का उद्घोष किया।

‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ से जुड़ेंगे दो प्रमुख धार्मिक केंद्र

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह सोमवार को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भारतीय रेलवे की ओर से शुरू की जा रही इस रेल सेवा का नाम ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ रखा गया है। यह ट्रेन रामायण से जुड़े भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक केंद्रों को सीधे रेल संपर्क से जोड़ेगी।

जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व प्राप्त है। दोनों स्थानों के बीच रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं और यात्रियों को इन पवित्र तीर्थस्थलों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। इससे भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्ते भी और प्रगाढ़ होंगे।

उद्घाटन विशेष ट्रेन अयोध्या से होगी रवाना

भारतीय रेलवे के अनुसार, सोमवार को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से जनकपुरधाम के लिए उद्घाटन विशेष ट्रेन संचालित की जाएगी। हालांकि, नियमित रेल सेवा के संचालन का मार्ग और समय-सारिणी रेलवे की ओर से बाद में जारी की जाएगी।

इस रेल सेवा को भारत और नेपाल के बीच सीमा पार रेल संपर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलेगा। साथ ही पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और द्विपक्षीय मैत्री को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ALSO READ THIS :  एसआईआर विवाद पर केशव मौर्य का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- 2027 में यूपी में फिर खिलेगा कमल
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें