लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। उसे अपनी क्षमता साबित करने के लिए केवल अवसर और आधुनिक संसाधनों की जरूरत है। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी भी युवा की प्रतिभा और तरक्की के रास्ते में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर युवाओं के उत्थान और डिजिटल सशक्तीकरण को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने डिजिटल इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के माध्यम से अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए हैं।
25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इसी योजना के अगले चरण में रविवार को लखनऊ से 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट के वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इस चरण के पूरा होने के बाद प्रदेश में वितरित किए गए स्मार्टफोन और टैबलेट की कुल संख्या लगभग 85 लाख तक पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है, ताकि वे शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों का लाभ उठा सकें।
पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना
सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा। युवाओं की प्रतिभा को तकनीक का साथ देने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के जरिए युवाओं को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर आगे बढ़ सकें।
उन्होंने दोहराया कि आज के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

