मुज़फ़्फ़रनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मदीना चौक के पास रविवार रात करीब 10 बजे को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक CNG कार Swift Dzire में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर कार को धूं-धूंकर जलता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही कच्ची सड़क पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने CNG कार होने की वजह से सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक Swift Dzire बुरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी तेज थी कि कार के अधिकांश हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
कार मालिक के रिश्तेदार मोहम्मद शिबली के अनुसार, उनके बहनोई इंचौली से मुज़फ़्फ़रनगर आए थे और कार को घर के पास सड़क किनारे खड़ा किया गया था। माना जा रहा है कि कार गर्म होने के बाद अचानक उसमें आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण कार को बचाने का मौका नहीं मिल सका।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित टीम मामले की जानकारी जुटा रही है। आग की शुरुआत किस वजह से हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गनीमत रही कि आग लगने के समय कार के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।

