Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर में महावीर चौक हंगामा: एसएसपी से मिले सपाई: कहा-माहौल बिगाड़ने वाले को बचाया जा रहा

मुज़फ़्फ़रनगर में महावीर चौक हंगामा: एसएसपी से मिले सपाई: कहा-माहौल बिगाड़ने वाले को बचाया जा रहा

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। महावीर चौक प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी ने अब खुलकर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सपा का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष जिया चौधरी के नेतृत्व में SSP से मिला और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में चरथावल विधायक पंकज मलिक, वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पूजा अंबेडकर सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे। सपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

एसएसपी से मुलाकात के बाद जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि महावीर चौक पर सपा एवं कांग्रेस की तरफ से उस रात शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था और मौके पर पुलिस बल भी तैनात था। उनका आरोप है कि इसी दौरान माहौल बिगाड़ने की नीयत से एक व्यक्ति वहां पहुंचा और विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने दावा किया कि घटना के बावजूद पुलिस ने उस व्यक्ति के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की और उसे छोड़ दिया गया, उल्टा प्रदर्शन के दौरान हंगामा खड़ा करने वाले व्यक्ति का विरोध करने वाले सपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई।

चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि किसी भी पक्ष के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए और कानून के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

सपा नेताओं ने सपा युधिष्ठिर पहलवान और उनकी पत्नी मोनिका सिंह के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि यदि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो वास्तविक तथ्य सामने आ जाएंगे। उन्होंने मांग की कि घटना में शामिल वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूरे घटनाक्रम को लेकर विभिन्न पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

आपको बता दें कि 21 जुलाई की रात को सपा और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का धरना चल रहा था। उसी वक्त एक व्यक्ति ने आकर वहां हंगामा खड़ा कर दिया, जिसके बाद युधिष्ठिर पहलवान और उसकी पत्नी मोनिका ने कुलदीप नामक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के सामने ही पीट दिया।

इस मामले में कुलदीप की तरफ से सिविल लाइन थाने में दोनों के खिलाफ नामजद समेत कई अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया। जिस पर पुलिस युधिष्ठिर पहलवान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

 


[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें