Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » चलते-चलते सड़क पर गिर पड़ा शिवभक्त कांवड़िया: दिल्ली निवासी भोले की अचानक बिगड़ी तबीयत, इंसानियत की मिसाल बनी पुलिस और शिवभक्तों की तत्परता

चलते-चलते सड़क पर गिर पड़ा शिवभक्त कांवड़िया: दिल्ली निवासी भोले की अचानक बिगड़ी तबीयत, इंसानियत की मिसाल बनी पुलिस और शिवभक्तों की तत्परता

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार शाम करीब 6 बजे मुज़फ़्फ़रनगर में एक शिवभक्त की अचानक तबीयत बिगड़ने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दिल्ली के यमुना विहार निवासी आयुष पुत्र हरवीर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान कच्ची सड़क पर गाजा वाली पुलिया के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह चलते-चलते सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना होते ही आसपास मौजूद शिवभक्त और स्थानीय लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। एक अंजान शिवभक्त ने सबसे पहले उनकी कांवड़ को संभाला, ताकि पवित्र गंगाजल और कांवड़ सुरक्षित रहे। वहीं अन्य लोगों ने उन्हें हवा करना शुरू किया और पानी के छींटे मारकर होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत में तत्काल कोई सुधार नहीं हुआ।

इसी बीच मौके पर मौजूद पत्रकारों ने कांवड़ कंट्रोल रूम को सूचना देकर इमरजेंसी चिकित्सा सहायता बुलाने की जानकारी दी। हालांकि इससे पहले ही सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी इंद्रजीत सिंह तत्काल मौके पर पहुंच गए।

थाना प्रभारी ने बिना समय गंवाए बेहोश शिवभक्त को अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाकर अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका उपचार शुरू कराया गया। इसके बाद थाना प्रभारी स्वयं पैदल ही अहिल्याबाई चौक की ओर वापस लौटकर अपनी ड्यूटी में जुट गए।

प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि भीषण गर्मी, उमस और लगातार पैदल यात्रा के कारण शिवभक्त की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
बताया गया कि घटना के समय आयुष अकेले चल रहे थे। उनके कुछ साथी आगे निकल चुके थे, जबकि कुछ पीछे रह गए थे। ऐसे में मौके पर मौजूद अनजान शिवभक्तों, स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित सक्रियता ने समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचाकर बड़ी राहत दिलाई।

ALSO READ THIS :  श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली, अब 12 अगस्त को होगी अगली सुनवाई

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें