Home » विविध इंडिया » दिल्ली की जूता फैक्ट्री में भीषण आग: 4 मजदूरों की मौत, 2 घायल; CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख, जांच के आदेश

दिल्ली की जूता फैक्ट्री में भीषण आग: 4 मजदूरों की मौत, 2 घायल; CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख, जांच के आदेश

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इस घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दुख जताया है। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और राहत कार्यों में तेजी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक जूता फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे आग लगी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी व दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई टीमों ने घंटों तक मशक्कत की। इस दौरान कुल 6 लोगों को बाहर निकाला गया, जो फैक्ट्री के अंदर बेहोश पाए गए थे। इन सभी को इलाज के लिए तुरंत मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। इन 6 लोगों में से 4 को मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि बाकी 2 लोगों का इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने कहा कि बचाव और तलाशी अभियान अभी भी जारी है। कानून के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फेज-1 के डीसीपी (बाहरी जिला) विक्रम सिंह ने बताया कि कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा, “आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हम जांच कर रहे हैं कि आग कैसे लगी। अभी तक बस इतना पता चला है कि आग बेसमेंट में लगी थी। जांच के बाद ही असली कारण पता चल पाएगा।” सेंट्रल एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विस (सीएटीएस) के अधिकारी राकेश भारद्वाज ने बताया कि उन्हें रात 9.50 बजे इस इलाके में आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने पत्रकारों को बताया, “हमारी पांच एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं, जो पांच से सात मिनट के भीतर वहां पहुंच गईं। हमारे स्टाफ और टीम के सदस्यों ने लगभग छह मरीजों को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया और वहां भर्ती कराया था।” मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “मंगोलपुरी में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। राहत व बचाव कार्य में सभी संबंधित एजेंसियां जुटी हुई हैं। अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और राहत कार्यों में तेजी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पूरी स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।”

ALSO READ THIS :  स्लीपर बस गैंगरेप कांड पर गरजे राहुल गांधी: अमित शाह और योगी सरकार पर साधा निशाना, बोले-'अपराध पर डाला जा रहा पर्दा'
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें