Home » विविध इंडिया » दिल्ली के विश्वास नगर में घर में लगी भीषण आग, चार लोगों की मौत और दो झुलसे; वजीरपुर फैक्ट्री में भी लगी आग

दिल्ली के विश्वास नगर में घर में लगी भीषण आग, चार लोगों की मौत और दो झुलसे; वजीरपुर फैक्ट्री में भी लगी आग

Facebook
Twitter
WhatsApp

ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, तड़के करीब 4:15 बजे लगी आग; दमकल कर्मियों ने छह लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक घर में भीषण आग लगने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। हादसे के समय घर के अंदर छह लोग सो रहे थे। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान चलाकर सभी छह लोगों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन

अधिकारियों के अनुसार, हादसा फर्श बाजार थाना क्षेत्र के विश्वास नगर इलाके में यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 में हुआ। रविवार सुबह करीब 4:15 बजे लगभग 60 वर्ग गज में बने मकान के ग्राउंड फ्लोर पर आग लग गई। बताया गया है कि यहां ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन संचालित हो रहा था।

आग लगने के समय घर के अंदर छह लोग सो रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग की एक चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। तड़के घर से आग की लपटें उठती देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल कर्मियों ने छह लोगों को बाहर निकाला

दिल्ली फायर सर्विस को आपातकालीन कॉल मिलते ही चार दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ घर में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया।

ALSO READ THIS :  दिल्ली में आधी रात को तांडव: खाक हुए प्रदर्शनी के दो विशाल गोदाम, साढ़े चार घंटे की जंग के बाद बुझी लपटें

हालांकि, अस्पताल में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, आग में झुलसे दो अन्य लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब पांच बजे तक आग पर काबू पा लिया गया था।

डीसीपी बोले- दो घायलों की हालत स्थिर

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोगों को अस्पताल भेजा गया। दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आग ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में लगी या किसी अन्य वजह से फैली, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

वजीरपुर की फैक्ट्री में भी लगी आग, कोई जनहानि नहीं

इसी बीच उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में भी रविवार तड़के एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई। बी-85 स्थित प्लास्टिक के सैनिटरी आइटम बनाने वाली फैक्ट्री में सुबह करीब 3:50 बजे आग लगने की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को मिली।

सूचना पर दो दमकल गाड़ियां, दो पानी के टैंकर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल मौके पर भेजे गए। करीब 200 वर्ग गज में बनी इस इमारत में ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल थी। फैक्ट्री में प्लास्टिक के सैनिटरी आइटम के साथ कार्डबोर्ड के डिब्बे भी रखे हुए थे। आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल कर्मियों ने अभियान चलाकर सुबह करीब 4:05 बजे तक आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग बुझाने और राहत कार्य की पूरी कार्रवाई सुबह करीब 5:20 बजे समाप्त हुई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ALSO READ THIS :  केतन हत्याकांड में बड़ा खुलासा: सगाई से पहले ही सिया ने प्रेमी से कोर्ट मैरिज कर ली थी, पुलिस जुटा रही सबूत
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें