Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में ट्रक से एक करोड़ का 174 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार; मालिक फरार,उत्तराखंड में करते थे सप्लाई

मुजफ्फरनगर में ट्रक से एक करोड़ का 174 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार; मालिक फरार,उत्तराखंड में करते थे सप्लाई

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में नशे की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से गांजा खरीदकर ट्रक में छिपाया जाता था और फिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड के अलग-अलग जनपदों में सप्लाई किया जाता था। नई मंडी पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत पचेंडा पुल के पास चेकिंग के दौरान ट्रक से 174 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि ट्रक मालिक फरार हो गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सिटी अमृत जैन ने कार्रवाई की जानकारी दी।

SP सिटी अमृत जैन के मुताबिक, 14 नवंबर को सूचना मिली थी कि मेरठ की तरफ से एक ट्रक आ रहा है, जिसमें अवैध मादक पदार्थ रखा हुआ है। सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस ने पचेंडा पुल के पास हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। कुछ समय बाद मेरठ की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो ट्रक में छिपाकर रखा गया 174 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में ले लिया।

SP सिटी ने बताया कि गिरफ्तार चालक की पहचान रहीश पुत्र नजीर अहमद निवासी भैंसरहेड़ी, थाना छपार, मुज़फ़्फ़रनगर के रूप में हुई है। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक का नंबर HR73A9532 है। पुलिस ने थाना नई मंडी में मुकदमा दर्ज किया है।

SP सिटी के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में रहीश ने बताया कि वह ट्रक चलाने का काम करता है। ट्रक का मालिक आसिफ पुत्र रफीक है, जो भैंसरहेड़ी का ही निवासी है। आरोपी के बयान के मुताबिक, वे ट्रक में सामान लेकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र जाते थे। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर उसे ट्रक में छिपा लिया जाता था। वापसी में गांजे की खेप मुज़फ़्फ़रनगर, शामली, रुड़की, देहरादून और आसपास के जनपदों में ऊंचे दामों पर सप्लाई की जाती थी।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट

पूछताछ में रहीश ने यह भी बताया कि ट्रक मालिक आसिफ भी उसके साथ था, लेकिन रास्ते में आगे मिलने की बात कहकर वह ट्रक से उतर गया। पुलिस ने आसिफ को वांछित बताया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। नई मंडी पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों की जांच कर रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें