Home » उत्तर प्रदेश » एटा में दर्दनाक हादसा, सड़क पर अचानक आए सांड से टकराई कार, चालक की मौत!

एटा में दर्दनाक हादसा, सड़क पर अचानक आए सांड से टकराई कार, चालक की मौत!

Facebook
Twitter
WhatsApp

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में आवारा सांड सड़क हादसे की वजह बन गया। पिलुआ थाना क्षेत्र में निधोली रोड स्थित जवाहरपुर गोदाम के पास रविवार को एक तेज रफ्तार कार अचानक सड़क पर आए सांड से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है, जो एटा जिले के जिटौली गांव के निवासी थे। बताया गया कि नरेंद्र अपनी दुकान बंद करने के बाद कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक सांड आ जाने से उनकी कार उससे टकरा गई और दुर्घटना हो गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं मिली एंबुलेंस

अग्निशमन प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कार में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था।

उन्होंने बताया कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी, इसलिए घायल नरेंद्र शर्मा को अपनी सरकारी गाड़ी से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

परिवार में पसरा मातम

मृतक के भाई वरदान शर्मा ने बताया कि नरेंद्र एटा से अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक सांड सामने आ गया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

ALSO READ THIS :  अमेठी में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका

वहीं मृतक के चाचा विनोद शर्मा ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही पूरा परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

आवारा पशु फिर बने हादसे की वजह

यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या को उजागर करता है। प्रदेश के कई जिलों में सड़क पर घूमने वाले सांड और अन्य पशु लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें