मुज़फ़्फ़रनगर। कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनज़र पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में आ गई है। मंगलवार शाम करीब 7 बजे से देर रात 11 बजे के बाद तक शहर के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया गया। थाना सिविल लाइन पुलिस, कोतवाली नगर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई यानी LIU की संयुक्त टीम ने एएस चेक टीम, बम निरोधक दस्ता यानी BDDS और डॉग स्क्वॉड के साथ रेलवे स्टेशन, शिव चौक और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, शिव चौक, पार्किंग स्थलों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सामान की गहन जांच की, जबकि डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने संवेदनशील स्थानों की बारीकी से तलाशी ली, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
SSP संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाया गया यह अभियान कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों का हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी संवेदनशील क्षेत्रों में इसी प्रकार की सघन चेकिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी, ताकि करोड़ों शिवभक्तों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रह सके।



