कच्छ। गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। खावड़ा क्षेत्र में अरी पार्क के पास मजदूरों को ले जा रही पिकअप गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के समय पिकअप में 15 से अधिक मजदूर सवार थे, जो अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी।
ओवरटेक के दौरान टक्कर, मची अफरा-तफरी
अधिकारियों के अनुसार, हादसा गुरुवार देर रात खावड़ा के अरी पार्क के पास हुआ। बताया गया कि मजदूरों से भरी पिकअप गाड़ी ओवरटेक कर रही थी, इसी दौरान ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कई मजदूर घायल हो गए और सात लोगों की जान चली गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भुज भेजे गए
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। अधिकारियों के मुताबिक, शवों को खावड़ा से भुज ले जाया गया है। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि अरी पार्क क्षेत्र में इस तरह का यह पहला बड़ा हादसा है।
भावनगर में भी दो वाहनों की टक्कर में गई थी सात लोगों की जान
गुजरात में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। इससे पहले मंगलवार को भावनगर जिले में भी दो वाहनों की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रापाज गांव के पास हुआ था।
पुलिस के अनुसार, भावनगर से अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड की ओर जा रही एक बोलेरो एसयूवी सर्विस रोड पर खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई थी। एसयूवी में सवार लोग काम पर जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने बताया था कि उस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
कच्छ हादसे के मामले में पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।

