Home » उत्तर प्रदेश » हरदोई में 1.29 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा, तीन नौकरों ने रची थी साजिश; 14 आरोपी गिरफ्तार

हरदोई में 1.29 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा, तीन नौकरों ने रची थी साजिश; 14 आरोपी गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में रेलवेगंज निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर हुई करीब 1.29 करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में तीन घरेलू नौकरों सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 1.29 करोड़ रुपये की नकदी भी बरामद कर ली है।

घर के नौकरों ने ही रची थी पूरी साजिश

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम ने शनिवार देर रात मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 16 और 17 जुलाई की मध्यरात्रि रेलवेगंज निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर से नगदी से भरे बैग चोरी होने की सूचना मिली थी। पीड़ित की शिकायत पर उनके तीन नौकरों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद कोतवाली शहर पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि तीनों नौकरों की नीयत बदल गई थी और उन्होंने घर में रखी बड़ी रकम चोरी करने की योजना बनाई। आरोपियों ने वारदात से पहले घर के सदस्यों के भोजन में कथित तौर पर नींद की गोलियां मिला दीं, जिससे सभी गहरी नींद में सो गए। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों को बुलाया, जो एक वाहन और छोटा हाथी लेकर मौके पर पहुंचे और नगदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने ऐसे खोला पूरे गिरोह का राज

पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर एक-एक कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि तीनों नौकरों ने सबसे पहले दो बाल अपचारियों से संपर्क किया था और फिर अन्य लोगों को चोरी की साजिश में शामिल किया गया।

ALSO READ THIS :  डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती: लखनऊ में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अर्पित की पुष्पांजलि,कश्मीर आंदोलन को किया याद!

14 आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी संरक्षण में

पुलिस ने इस मामले में बेलाहा निवासी अजय शुक्ला और विशाल उर्फ गोलू, ग्रामेडा निवासी शोभित, नगेटा पूर्वी निवासी बदन, केशव, शिवम और नीरज, सुरसा क्षेत्र के बर्रा डाल सिंह निवासी परम किशोर, जमादार कॉलोनी निवासी सनी वाल्मीकि, बेहटागोकुल के कोडरा सरैया निवासी प्रिंस, लखनऊ के मड़ियाव निवासी दीपक साहू, सनी गुप्ता और अमान, तथा बाराबंकी निवासी महफूज उर्फ लाली को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

1.29 करोड़ रुपये की नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब ₹1.29 करोड़ की नकदी बरामद कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की योजना कितने समय से बनाई जा रही थी तथा इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

पुलिस ने इस कार्रवाई को जिले की बड़ी सफलताओं में से एक बताते हुए कहा कि संयुक्त टीमों की सतर्कता और त्वरित जांच के चलते करोड़ों रुपये की चोरी का खुलासा कम समय में कर लिया गया।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें