Home » उत्तर प्रदेश » संविधान दिवस पर मायावती का बहुजन समाज से आह्वान, बोलीं- सत्ता की मास्टर चाबी हासिल किए बिना अधूरा है बाबा साहेब का आत्मसम्मान मिशन

संविधान दिवस पर मायावती का बहुजन समाज से आह्वान, बोलीं- सत्ता की मास्टर चाबी हासिल किए बिना अधूरा है बाबा साहेब का आत्मसम्मान मिशन

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संविधान दिवस के अवसर पर बहुजन समाज से एकजुट होकर सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में लेने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्मसम्मान और स्वाभिमान का मिशन आज भी अधूरा है, क्योंकि बहुजन समाज अब तक सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं ले पाया है।

गुरुवार को संविधान दिवस पर जारी अपने संदेश में मायावती ने कहा कि बाबा साहेब ने देश के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अन्य उपेक्षित वर्गों को जातिवादी शोषण और गुलामी से मुक्ति दिलाकर शासक वर्ग बनाने के लिए जीवनभर संघर्ष और त्याग किया। ऐसे में 26 नवंबर को जब केंद्र और राज्य सरकारें संविधान दिवस मना रही हैं, तब बहुजन समाज को अपने संतों, गुरुओं और महापुरुषों के संदेशों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

सत्ता को बताया तरक्की और विकास की मास्टर चाबी

मायावती ने बाबा साहेब के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता वह मास्टर चाबी है, जिससे तरक्की और विकास के तमाम बंद दरवाजे खुल जाते हैं। आजादी के इतने वर्षों बाद और बहुजन हितैषी मानवतावादी संविधान होने के बावजूद दिल्ली की सत्ता बहुजन समाज की पहुंच से दूर क्यों है, इस पर आत्मचिंतन करने की जरूरत है।

उन्होंने केंद्र में अब तक रही सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरक्षण के संवैधानिक दायित्व के साथ गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की जिम्मेदारी क्या ईमानदारी और निष्ठा से निभाई गई है? यदि ऐसा नहीं हुआ है तो अब सरकारों से इसका हिसाब क्यों नहीं मांगा जाना चाहिए?

ALSO READ THIS :  ओमप्रकाश राजभर बोले- अखिलेश के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए मसखरेपन पर उतर आए

सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र को बताया जरूरी

बसपा प्रमुख ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान की औपचारिक स्वीकृति से एक दिन पहले संविधान सभा में अपने समापन भाषण के दौरान बाबा साहेब ने जातियों को देशविरोधी बताते हुए जातिवाद छोड़ने और भारत को केवल देश नहीं, बल्कि राष्ट्र बनाने के लिए ठोस उपाय करने की आवश्यकता बताई थी।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने स्पष्ट किया था कि केवल राजनीतिक स्वतंत्रता से संतुष्ट नहीं होना चाहिए। देश के संपूर्ण और समग्र विकास के लिए सामाजिक एवं आर्थिक लोकतंत्र भी जरूरी है।

बसपा को सत्ता तक पहुंचाने का आह्वान

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से विरोधी दलों, जातिवादी तत्वों और स्वार्थी संगठनों के साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों का मुकाबला करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा को सत्ता तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में फिर से कानून के जरिए कानून का आयरन राज स्थापित करने और जनहित, जनकल्याण तथा विकास के मामलों में ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की सरकार लाने की जरूरत बताई। मायावती ने कहा कि गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और दुखद पलायन से परेशान सर्वसमाज के लोगों को सुख-शांति और खुशहाली का जीवन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। तभी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के कल्याणकारी राज्य के सपने को काफी हद तक साकार किया जा सकेगा।

पंजाब के फिल्लौर में संविधान दिवस पर जनसभा

मायावती ने कहा कि संविधान दिवस पर लोगों का यही संकल्प देश और जनहित में होगा। इस अवसर पर बसपा की पंजाब स्टेट यूनिट की ओर से जालंधर जिले के फिल्लौर में संविधान दिवस पर जनसभा आयोजित की गई है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद केंद्रीय यूनिट की ओर से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं।

ALSO READ THIS :  मायावती ने बीमारी की खबरों को बताया निराधार, बोलीं पूरी तरह स्वस्थ हूं; आकाश आनंद पर भी साधा निशाना
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें