Home » विविध इंडिया » हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा: सवारी गाड़ी को ट्रेलर ने मारी टक्कर, पांच की मौत; कई घायल

हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा: सवारी गाड़ी को ट्रेलर ने मारी टक्कर, पांच की मौत; कई घायल

Facebook
Twitter
WhatsApp

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में जीटी रोड पर चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हथिया बाबा के पास महानेटांड कट के समीप सवारी गाड़ी और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। आठ गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है।

शव का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे थे सभी

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त सवारी गाड़ी में गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अटका, बिहारो और सलैया गांव के लोग सवार थे। सभी एक करीबी के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक का शव वाहन के ऊपर रखा हुआ था।

बताया जा रहा है कि महानेटांड कट के पास शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। इसके बाद सवारी गाड़ी को सड़क किनारे रोककर लोग रस्सी ठीक करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने खड़ी सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

ट्रेलर चालक फरार, कोयला लदा ट्रक भी घाटी में पलटा

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए।

ALSO READ THIS :  पीएम मोदी का वीडियो फेसबुक से हटने पर मेटा ने मांगी माफी, तकनीकी गड़बड़ी बताया कारण; सरकार ने मांगा जवाब

पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों और एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। राहत एवं बचाव कार्य में 1033 हेल्पलाइन और एंबुलेंस सेवाओं की भी मदद ली गई।

मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

हादसे के बाद अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों और फरार ट्रेलर चालक की पहचान के लिए जांच की जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें