मुज़फ़्फ़रनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बेहड़ा अस्सा में फैक्ट्री से घर लौट रहे मजदूर कृष्ण कश्यप उर्फ भीम कश्यप पर बाइक सवार चार युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने कई किलोमीटर तक उनंका पीछा किया और रास्ते में रोककर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में कृष्ण का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उसे हमलावरों के चंगुल से बचाया।

पीड़ित और ग्रामीणों के अनुसार, चारों आरोपी एक ही बाइक पर सवार थे, जबकि कृष्ण उर्फ भीम अपने अन्य साथी के साथ बाइक द्वारा फैक्ट्री से वापस घर लौट रहा था। इसी बीच सिखेड़ा–बेहड़ा अस्सा मार्ग पर रजवाहे के दोमुंही पर उनका आरोपियों से आमना–सामना हुआ था।
उन्होंने पहले कृष्ण से कहासुनी की और फिर उसका बेहड़ा अस्सा गांव तक पीछा करके रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के पहुंचने पर चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों शराब के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है।

घटना के दौरान हमलावर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। ग्रामीणों ने बाइक सवारों में से एक की पहचान करने का दावा किया है। आरोप है कि दोनों आरोपी सिखेड़ा गांव के रहने वाले हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घायल कृष्ण को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।

