लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) समेत विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी जैसे विपक्षी नेता भारत-विरोधी अंतरराष्ट्रीय ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। मौर्य ने कहा कि चुनावों में जनता अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष को जवाब देगी।
बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “चाहे राहुल गांधी हों, अखिलेश यादव हों, तेजस्वी यादव हों या ममता बनर्जी, ये सभी भारत-विरोधी अंतरराष्ट्रीय ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। वे ऐसे कई काम कर रहे हैं, जो किसी भी देशभक्त को नहीं करने चाहिए।”
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस एक पुरानी राजनीतिक पार्टी है, लेकिन उसके ‘युवराज’ राहुल गांधी लगातार ऐसी हरकतें करते रहते हैं। मौर्य ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जहां भी चुनाव होंगे, जनता अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें जवाब देगी।
अखिलेश यादव के पीडीए मार्च पर भी साधा निशाना
गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ मार्च को लेकर भी केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव गोरखपुर, सैफई या लखनऊ, कहीं भी यात्रा निकाल लें, इससे समाजवादी पार्टी का राजनीतिक भविष्य नहीं बदलने वाला है।
मौर्य ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का भविष्य पहले भी अंधकारमय था, आज भी है और आगे भी ऐसा ही रहेगा। उन्होंने कहा कि सपा वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने के सपने देख सकती है, लेकिन हकीकत में उसकी सत्ता में वापसी संभव नहीं है। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव भी इस बात को अच्छी तरह जानते हैं।
जयवीर सिंह ने विपक्ष पर लगाया झूठा नैरेटिव गढ़ने का आरोप
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने भी विपक्ष पर सरकार के खिलाफ नकारात्मक नैरेटिव तैयार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने यह प्रचार किया था कि भाजपा की जीत होने पर संविधान बदल दिया जाएगा और आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा। इस नैरेटिव के आधार पर विपक्ष को कुछ सफलता जरूर मिली, लेकिन झूठे आरोपों और मनगढ़ंत कहानियों के सहारे बार-बार जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।
जयवीर सिंह ने कहा कि जनता अब विपक्ष के दावों को समझ रही है और उसे पता है कि विपक्षी दल फर्जी एवं मनगढ़ंत आरोप लगाते हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के माहौल और लोगों की धारणा में बदलाव आया है। देश और दुनिया में प्रदेश की छवि बदली है। राज्य में निवेश बढ़ा है, कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और विकास कार्यों को गति मिली है।
सपा शासनकाल को लेकर भी उठाए सवाल
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2012 से 2017 के बीच सपा सरकार के कार्यकाल को लेकर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि लोग उस दौर को नहीं भूले हैं, जब प्रदेश में गुंडागर्दी, अराजकता, जमीनों पर कब्जे, वसूली और दंगों की घटनाएं होती थीं। जयवीर सिंह ने उस समय की स्थिति को ‘एक जिला, एक माफिया’ और ठप प्रशासन का दौर बताते हुए आरोप लगाया कि कुछ खास माफिया और अपराधी जिलों को चलाते थे।
उन्होंने दावा किया कि जनता अब विपक्ष के नारों और वादों के झांसे में आने वाली नहीं है।

