लखनऊ। राजधानी के इंदिरानगर क्षेत्र में एक महिला के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई किए जाने के मामले में चार दिन बाद मुकदमा दर्ज किया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद महिला करीब तीन घंटे तक मानस सिटी चौकी में बेहोशी की हालत में पड़ी रही, लेकिन उसे समय पर इलाज के लिए नहीं भेजा गया। अब मामले की जांच उसी चौकी प्रभारी दरोगा अर्जुन सिंह को सौंपे जाने पर परिवार ने निष्पक्ष जांच को लेकर सवाल उठाए हैं।
परिवार का आरोप है कि दरोगा अर्जुन सिंह ने शुरुआत में लापरवाही बरती और उल्टे उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। परिजनों का दावा है कि पुलिस विपक्षी पक्ष से पैसे लेकर मामला दबाने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर विस्तृत जवाब सामने नहीं आया है।
चौकी में तीन घंटे बेहोश पड़ी रही महिला
पीड़िता की भांजी ने बताया कि घटना के बाद से पुलिस उसकी मामी को मानसिक रूप से कमजोर बताने की कोशिश कर रही है। परिवार ने सवाल उठाया कि बिना किसी प्रमाण के किसी महिला को मानसिक रूप से कमजोर कैसे बताया जा सकता है। परिजनों का आरोप है कि इस तरह की बातें कहकर आरोपियों को बचाने और मामले को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश की जा रही है।
भांजी के मुताबिक, घटना सुबह करीब पांच बजे हुई थी। परिवार को इसकी जानकारी लगभग नौ बजे मिली। परिजन जब चौकी पहुंचे तो वहां मौजूद दरोगा ने उनके मोबाइल फोन जमा करा लिए। इसके बाद महिला को इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। परिवार का कहना है कि मोबाइल वापस मांगने पर दरोगा ने कहा कि अस्पताल से लौटने के बाद फोन मिल जाएगा।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिला चौकी में काफी देर तक बेहोश पड़ी रही, लेकिन समय रहते इलाज की व्यवस्था नहीं की गई और न ही परिजनों को उसकी हालत की जानकारी दी गई।
CM हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे लगातार पुलिस से मदद मांगते रहे, लेकिन उन्हें सुनवाई के बजाय धमकाया और टरकाया गया। तीन दिन तक कार्रवाई नहीं होने पर परिजनों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद घटना का वीडियो वायरल किया गया, जिसके सामने आने पर पुलिस सक्रिय हुई और पीड़ित परिवार के घर पहुंची। परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस मामले में लीपापोती करने की कोशिश करती रही। घटनास्थल पर महिला को ले जाने के दौरान भी उसे डराने का प्रयास किया गया।
परिजनों के मुताबिक, आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे शुरुआत में चुप रहे। अब तक महिला के इलाज पर 12 हजार रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं, लेकिन उन्हें कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है।
बच्चा चोरी के शक की बात कहकर मामला भटकाने का आरोप
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर बच्चा चोरी के शक की बात कहकर मामले को भटकाने का आरोप लगाया है। परिवार का सवाल है कि महिला पर बच्चा चोरी करने का संदेह किस आधार पर किया गया, जबकि उनके पति के खुद चार बच्चे हैं।
परिजनों के मुताबिक, पीड़िता पिछले 15 साल से अपने पति और बच्चों के साथ उसी इलाके में रह रही है। उसका पति करीब 30 साल से गांव में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है और परिवार का पालन-पोषण करता है। परिवार का कहना है कि स्थानीय लोगों के बीच लंबे समय से रहने के बावजूद महिला पर बच्चा चोरी की कोशिश का आरोप लगाया जा रहा है।
घटना के बाद आरोपी परिवारों के झुग्गियां छोड़कर जाने का दावा
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद बस्ती में रहने वाले लोग अपनी झुग्गियां छोड़कर चले गए हैं। परिवार का दावा है कि सभी आरोपी और उनके परिजन फरार हैं। वहीं, स्थानीय लोगों में आक्रोश को देखते हुए इलाके में थाना पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात की गई है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। नामजद आरोपियों के अलावा चार से पांच अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। परिवार ने यह सवाल भी उठाया है कि झुग्गियां बसाने वाले ठेकेदार के बारे में पुलिस अब तक जानकारी क्यों नहीं जुटा पाई।
परिजनों ने बस्ती में बिजली के स्थायी कनेक्शन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिन लोगों के पास पक्के मकान तक नहीं हैं, उनकी झुग्गियों में बिजली के स्थायी कनेक्शन कैसे उपलब्ध हैं।
विरोध करने पर पति का मोबाइल फोन तोड़ने का आरोप
पीड़िता के पति ने बताया कि पत्नी के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। वहां विरोध करने पर आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। दैनिक भास्कर की टीम से बातचीत में उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उन्हें डराया-धमकाया गया।
पति का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण परिवार शुरुआत में किसी से कुछ कह नहीं पाया। पुलिस के रवैये से परेशान होकर वे चुप हो गए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद बस्ती में हंगामा, झुग्गियों में तोड़फोड़
मंगलवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आसपास के लोग बस्ती में पहुंच गए। इस दौरान हंगामा हुआ। गुस्साए लोगों ने झुग्गियों में तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश भी की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इंदिरानगर इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने महिला को देखकर कहा कि उसे कुछ नहीं हुआ है और वह नौटंकी कर रही है।
परिवार का यह भी आरोप है कि घटना वाले दिन वे इंदिरानगर थाने पहुंचे थे, लेकिन इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने उनकी शिकायत नहीं ली और उन्हें वापस भेज दिया। वहीं, एसआई गौरव पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है।
पति की तहरीर में बताई गई घटना की पूरी कहानी
पीड़िता के पति ने अपनी तहरीर में बताया कि वह सुगामऊ में रहता है। छह नवंबर को उसकी पत्नी सुबह करीब पांच बजे टहलने के लिए निकली थी। मुर्गी फार्म के पास मानस ग्रीन रोड पर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
पति के मुताबिक, गांव के एक युवक ने फोन करके बताया कि उसकी पत्नी चौकी में है। जब वह चौकी पहुंचा तो पत्नी बेहोशी की हालत में मिली। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया था।
इसके बाद वह पत्नी को लेकर बलरामपुर अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज के बाद उसे होश आया। होश में आने पर महिला ने बताया कि वह सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान एक गाड़ी आती दिखाई दी। गाड़ी से टकराने का खतरा देखकर उसने झुग्गी में रहने वाले एक बच्चे को सड़क से किनारे खींच लिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति ने आरोप लगाया कि इस दौरान महिला के कान का बुंदा और पायल भी छीन लिए गए।
डीसीपी पूर्वी बोलीं- हत्या के प्रयास में मुकदमा, चार आरोपी जेल भेजे
डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है और चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। मुकदमा दर्ज करने में देरी की बात सामने आई है, जिसकी जांच एसीपी से कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही या कोई अन्य गड़बड़ी सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल जांच की निष्पक्षता को लेकर है। पीड़ित परिवार ने जिस चौकी प्रभारी पर शुरुआत में लापरवाही और शिकायत दबाने का आरोप लगाया है, उसी दरोगा को जांच सौंपे जाने पर आपत्ति जताई है। वहीं, डीसीपी ने मुकदमा दर्ज करने में देरी की जांच एसीपी से कराने की बात कही है। अब जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

