मुज़फ़्फ़रनगर। कांवड़ यात्रा-2026 में इस बार एक से बढ़कर एक अनोखी कांवड़ें देखने को मिल रही हैं, लेकिन शनिवार को मुज़फ़्फ़रनगर पहुंची मैक्लॉरेन स्पोर्ट्स कार थीम वाली कांवड़ ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सोशल मीडिया पर पहले से ही वायरल हो चुकी यह अनूठी कांवड़ जब दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के कांवड़ मार्ग पर सिसौना कट के पास पहुंची तो उसे देखने और कैमरे में कैद करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
यह कांवड़ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर दिल्ली के फलौदा क्षेत्र की ओर जा रही है। बाहर से बिल्कुल लग्जरी सुपरकार जैसी दिखाई देने वाली इस कांवड़ को देखकर राहगीर कुछ पल के लिए ठहर गए। कई लोगों ने शिवभक्तों के साथ सेल्फी ली तो कई ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए।
इस अनोखी कांवड़ को लेकर चल रहे शिवभक्त दीपक शर्मा ने बताया कि दोस्तों के साथ बातचीत के दौरान यह विचार आया कि इस बार भगवान भोलेनाथ के लिए कुछ अलग और यादगार किया जाए। तभी मैक्लॉरेन स्पोर्ट्स कार की तर्ज पर कांवड़ तैयार कराने का फैसला लिया गया।
उन्होंने बताया कि यह असली कार नहीं, बल्कि करीब 5.5 करोड़ रुपये कीमत वाली मैक्लॉरेन स्पोर्ट्स कार की डमी प्रतिकृति है। इस मॉडल को तैयार कराने में लगभग 7 से 8 लाख रुपये का खर्च आया। डिजाइनिंग से लेकर फिनिशिंग तक हर हिस्से पर विशेष ध्यान दिया गया ताकि यह बिल्कुल असली सुपरकार जैसी दिखाई दे।
दीपक शर्मा ने बताया कि उनके ग्रुप में कुल 6 शिवभक्त हैं और सभी अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े हैं। वह स्वयं ट्रांसपोर्ट व्यवसाय करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी कांवड़ को देशभर से इतना प्यार मिलेगा, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर जगह लोग इसे देखने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।
उन्होंने बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि लोगों का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। अब उनका प्रयास रहेगा कि अगले वर्ष इससे भी अधिक भव्य, आकर्षक और अनोखी कांवड़ तैयार कर शिवभक्ति का संदेश दें।



