मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित होटल कांड के फरार आरोपी सलमान को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। गिरफ्तारी से बचने के लिए भागते समय वह एक पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
एनकाउंटर के बाद सामने आया वीडियो
मुठभेड़ के बाद सामने आए वीडियो में सलमान पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है। वह कहता सुनाई दे रहा है, “सर, गलती हो गई, माफ कर दो, अब नहीं होगी गलती।” वीडियो में पुलिसकर्मी घायल आरोपी को कंधे पर उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, सदर बाजार थाने में शिकायत मिली थी कि सलमान नाम के व्यक्ति ने एक दलित महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।
एसएसपी के मुताबिक, पुलिस टीम से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी पास के पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन फिसलकर नीचे गिर गया। हादसे में उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
होटल से भागी युवती को सड़क पर दौड़ाकर पकड़ने का आरोप
गौरतलब है कि मेरठ के आबूलेन स्थित एक होटल में युवती को कथित तौर पर बंधक बनाने और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया था। आरोप है कि सलमान ने युवती पर शादी करने का दबाव बनाया था। युवती होटल से निकलकर भागी तो आरोपी ने उसका पीछा किया और सड़क पर उसके साथ मारपीट कर उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें युवती के होटल से निकलने और आरोपी द्वारा उसे पकड़ने की कोशिश किए जाने का घटनाक्रम दिखाई दिया। फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। अब पुलिस ने फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

