मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच खूनी मुठभेड़ हो गई। विज्ञाना रोड के जंगल में एक कुख्यात 50 हजार इनामी बदमाश अमजद जहां के इलाके में आने की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर ली।

मुठभेड़ में दोनों तरफ से अंधाधुंध फायरिंग हुई। पुलिस की गोली लगने से अमजद जहां घायल हो गया, वहीं बदमाश की गोली से सब-इंस्पेक्टर संदीप और सिपाही अशफाक भी घायल हो गए।

सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अमजद की मौत हो गई। पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।
खतरनाक हथियार और लूट की ज्वेलरी बरामद
पुलिस ने मृतक बदमाश के पास से एक 9 एमएम कार्बाइन, एक पिस्टल, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बड़ी तादात में कारतूस, लूट की ज्वेलरी और कुछ डॉक्यूमेंट बरामद किए।

SSP संजय कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अमजद जहां पर लूट, हत्या, डकैती, अपहरण जैसे करीब 40 आपराधिक मुकदमे दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में दर्ज थे।
क्या कहते हैं SSP संजय कुमार वर्मा?
मौके पर पहुंचे SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया,
“रात में टिप मिली कि कुछ बदमाश इस इलाके में हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो क्रॉस फायरिंग हुई। पुलिस पर फायरिंग हुई तो जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हुआ। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हमारी टीम में सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल भी घायल हुए हैं।”

एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ बुढ़ाना, एसएचओ बुढ़ाना, शाहपुर, तितावी और पूरी टीम भी मौके पर पहुंची।
SSP ने ये भी बताया कि
“मुठभेड़ में एसपी देहात की गाड़ी पर भी बुलेट के निशान हैं। बुलेट प्रूफ जैकेट में भी गोलियां लगी हैं। 9 एमएम कार्बाइन, पिस्टल, कारतूस, स्प्लेंडर, लूटी हुई ज्वेलरी, मोबाइल सब बरामद हुआ है। यह बदमाश 35-36 साल से वांछित था। 17-18 लूट के मुकदमे, हत्या के मुकदमे, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली, हरियाणा, हरिद्वार तक फैले थे।”
घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी
मुठभेड़ में घायल सब-इंस्पेक्टर संदीप और सिपाही अशफाक का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना से जिले में बदमाशों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।



