मुजफ़्फ़रनगर में एक युवक ने दोस्त के साथ बीयर पीने के बाद अचानक लूट का मन बनाया। ईद की खरीददारी से लौट रही फरहा अब्बासी का पर्स छीनकर 2200 रुपये और मोबाइल लेकर भागा। लूट की रकम भी बीयर में उड़ा दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आबकारी चौकी पुलिस ने तीन दिन बाद चरथावल बस स्टैंड से आरोपी आशीष को गिरफ्तार किया। आरोपी अब जेल में है।

मुजफ़्फ़रनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में 11 मार्च को एक ऐसी घटना हुई जिसने स्थानीय लोगों में सनसनी फैला दी। ईद की खरीददारी पूरी कर घर लौट रही युवती फरहा अब्बासी पुत्री तमरेज अब्बासी से दिनदहाड़े पर्स छीन लिया गया।
आरोपी आशीष पुत्र दिनेश, निवासी कृष्णापुरी ने यह वारदात शहर कोतवाली की नाक के नीचे अंजाम दी थी।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
पूछताछ में आशीष ने पुलिस को बताया कि वह मारपीट के एक पुराने मामले में कोर्ट में तारीख पर गया था। वापस लौटते वक्त रास्ते में दोस्त से मुलाकात हो गई। दोनों ने पहले एक-एक बीयर पी। दोस्त शिव चौक के पास उसे छोड़कर चला गया, लेकिन आशीष पैदल ही रुड़की रोड की ओर बढ़ चला।
इसी दौरान उसे फरहा अब्बासी दिखाई दीं, जो ईद की खरीदारी के बैग लेकर चल रही थीं। अचानक उसके दिमाग में पर्स छीनने का विचार आया और उसने युवती पर झपट्टा मारा। पर्स में नकद करीब 2200 रुपये और एक मोबाइल था।

सीसीटीवी से पकड़ में आया
वारदात के दौरान कई सीसीटीवी कैमरों ने आरोपी को रिकॉर्ड कर लिया। फुटेज में आशीष दौड़ता हुआ साफ नजर आ रहा है। आबकारी पुलिस चौकी इंचार्ज शशि कपूर ने अपनी टीम के साथ फुटेज का विश्लेषण किया और आरोपी की पहचान कर ली।
तीन दिन की लगातार तलाश के बाद चरथावल बस स्टैंड के पास से आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी में पर्स, मोबाइल और बचे हुए 610 रुपये नकद जब्त किए गए।
गिरफ्तारी और माफी
शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के समय आशीष हाथ जोड़कर माफी मांगता कैमरे में कैद हो गया।
यह घटना शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है। पुलिस ने कहा है कि सीसीटीवी और त्वरित कार्रवाई से अपराधियों पर लगाम लगाई जा रही है।



