मुज़फ़्फ़रनगर। जाट आरक्षण की मांग को लेकर 4 अक्टूबर को बुढ़ाना में बड़ा महासम्मेलन होने जा रहा है। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने गुरुवार अपराह्न 4 बजे आर्य समाज मंदिर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बुढ़ाना के डीएवी इंटर कॉलेज मैदान में सम्मेलन आयोजित करने का ऐलान किया है। समिति के राष्ट्रीय संयोजक यशपाल मलिक ने बताया कि सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छह जिलों से जाट समाज के लोग जुटेंगे।
सम्मेलन में जाट समाज को केंद्र की OBC सूची में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। संगठन की ओर से हिंदू, मुस्लिम, सिख और बिश्नोई जाटों को भी सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान किया गया है। सहारनपुर, शामली, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और मुज़फ़्फ़रनगर से लोगों के पहुंचने की बात कही गई है।
यशपाल मलिक ने कहा कि जाट समाज लंबे समय से केंद्र की OBC सूची में शामिल किए जाने की मांग करता रहा है। 4 अक्टूबर के महासम्मेलन के जरिए इस मांग को आगे बढ़ाने के साथ आंदोलन की अगली रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर संगठन की ओर से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
संगठन ने आरक्षण आंदोलन के पुराने घटनाक्रम का भी हवाला दिया। समिति के मुताबिक वर्ष 2014 में जाटों को केंद्र की OBC सूची में शामिल करने का नोटिफिकेशन जारी हुआ था, जिसे बाद में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद समाप्त कर दिया गया। इसके बाद भी जाट आरक्षण की मांग को लेकर अलग-अलग समय पर आंदोलन और प्रयास होते रहे।

