मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के तितावी थाना क्षेत्र के धोलरा गांव में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सरकारी जमीन पर निर्माण और कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। अन्नपूर्णा भवन के लिए प्रस्तावित सरकारी भूमि पर देर रात दीवार खड़ी किए जाने की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार रिजवान अली और लेखपाल मनीष टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
आरोप है कि प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की तो वहां मौजूद लोगों ने विरोध कर दिया। इसी दौरान लेखपाल मनीष के साथ मारपीट और प्रशासनिक टीम के साथ अभद्रता किए जाने की बात सामने आई। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की।
ग्राम प्रधान सुमित कश्यप के मुताबिक, कब्जा हटाने पहुंची टीम के साथ लेखपाल मनीष, पुलिसकर्मियों और उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। मामले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
बताया गया है कि सरकारी जमीन पर निर्माण कराने के मामले में ब्रजपाल पुत्र दाताराम का नाम सामने आया है। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण हटाने की कार्रवाई की। घटना के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नायब तहसीलदार रिजवान अली के मुताबिक, इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दे दी गई है। अब पुलिस तहरीर और मौके की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

