मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में गाड़ी और गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर विवाद का एक वीडियो शुक्रवार शाम करीब 7 बजे से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को हुसैनपुर कलां गांव का बताया जा रहा है। मामले में मुस्तफा ने बुढ़ाना थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी गाड़ी में टक्कर मारने के बाद विरोध करने पर उसके और परिवार के साथ मारपीट की गई तथा धमकी दी गई।
मुस्तफा की शिकायत के मुताबिक, 9 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे उसके घर के सामने गाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां से निकला। आरोप है कि ट्रॉली से खड़ी गाड़ी में साइड मार दी गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और ट्रैक्टर ट्रॉली चालक पक्ष के कई अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसके और परिवार के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी। उसने यह भी दावा किया कि कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे और परिवार को धमकाया। मुस्तफा ने शिकायत में पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर मामला चर्चा में है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

