मुजफ्फरनगर। क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह ने रविवार को थाना ककरौली का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, बैरक, मेस और परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उपनिरीक्षकों और बीट पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों और अपराध नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सबसे पहले थाना परिसर में मौजूद गार्द ने क्षेत्राधिकारी को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय और विभिन्न विभागों में रखे अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संबंधित पुलिसकर्मियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लंबित विवेचनाओं और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की समीक्षा
इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने थाने पर तैनात उपनिरीक्षकों और बीट पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर अर्दली रूम लिया। इसमें लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
क्षेत्राधिकारी ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों की विवेचना निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बीट पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त के निर्देश
राधा रमण सिंह ने बीट पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमणशील रहने और आपराधिक तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और प्राप्त जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण और बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ककरौली दीपक चौधरी सहित थाने के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
