मुज़फ़्फ़रनगर। बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत मेटल वर्क्स नामक फैक्ट्री को सील कर दिया। फैक्ट्री में पुरानी बैटरियों के सेल्स को गलाने समेत प्लास्टिक के बैटरी बॉक्स को रिफर्निश का काम होता है, जिसके बारे में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शुक्रवार शाम करीब 7 बजे फैक्ट्री पर पहुंचकर छापेमारी की और मौके का निरीक्षण किया। एई कुंवर संतोष कुमार के मुताबिक निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में कई अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद अधिकारियों ने फैक्ट्री को सील करने की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री प्रतिनिधि मोहम्मद नवाब भी मौके पर मौजूद रहे। बताया गया कि कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से इसे रोकने का प्रयास किया गया और अधिकारियों से कार्रवाई नहीं करने की गुहार लगाई गई, लेकिन टीम ने नियमों के तहत कार्रवाई जारी रखी।
अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री में पुरानी बैटरियों के सेल्स को गलाने का काम होता है। इस तरह के काम से प्रदूषण संबंधी मानकों और पर्यावरणीय नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े होते हैं। शिकायतों के बाद निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं के आधार पर फैक्ट्री को सील किया गया है। मौके पर टीम को फैक्ट्री से प्रदूषित एवं खतरनाक रसायन युक्त पानी नाले में बहता हुआ मिला।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की इस कार्रवाई से बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के उल्लंघन से जुड़े तथ्यों और फैक्ट्री की गतिविधियों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल फैक्ट्री को सील किए जाने के बाद वहां उत्पादन संबंधी गतिविधियां रोक दी गई हैं। मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से आगे की प्रक्रिया जारी है।

