मुज़फ़्फ़रनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र और जानसठ तहसील के बेहड़ा अस्सा गांव में आवारा कुत्तों के आतंक का मामला सामने आया है। दुकान से बिस्किट लेने जा रहे तीन बच्चों पर कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले में 4 साल की दक्षिता सैनी उर्फ चीकू पुत्री विकास सैनन घायल हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई।
बताया गया कि दक्षिता अपनी बड़ी बहन गार्गी उर्फ किट्टो और भाई रुद्राक्ष उर्फ मिक्कू के साथ दुकान पर बिस्किट लेने जा रही थी। इसी दौरान कुत्ते ने बच्चों पर हमला कर दिया। बच्ची को अकेला पाकर कुत्ते ने उसे निशाना बनाया और वह घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी महिला के मुताबिक कुत्ते ने बच्ची को नाली में गिरा दिया था और वहीं उस पर हमला कर रहा था। बच्ची को बचाने के लिए महिला दौड़कर मौके पर पहुंची और उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। समय रहते महिला के पहुंचने से बच्ची को वहां से निकाला जा सका।
हमले में दक्षिता के सीधे हाथ की बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी पीठ पर भी चोट लगी है। घटना के बाद परिजन बच्ची को उपचार के लिए ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाकर रेबीज का टीका लगवाने की तैयारी की गई।
दक्षिता के साथ मौजूद गार्गी और रुद्राक्ष ने भागकर खुद को बचाया। घटना के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस मादा कुत्ते ने बच्ची पर हमला किया, वह पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुकी है।
ग्रामीणों ने आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि गांव में खासकर छोटे बच्चों को इस तरह के हमलों से बचाया जा सके। फिलहाल बच्ची के उपचार और आगे के टीकाकरण पर परिवार का ध्यान है।

