मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कीर्ति क्राफ्ट पेपर मिल में मंगलवार अल–सुबहकरीब 3 बजे हुए हादसे में 7 बहनों के इकलौते भाई की मौत हो गई। मृतक की पहचान निराना निवासी गुल सनव्वर पुत्र रहसूद्दीन के रूप में हुई है। बताया गया कि पेपर कटिंग की बेल्ट की चपेट में आने से उसकी जान गई।

गुल सनव्वर और उसके पिता करीब एक से डेढ़ महीने पहले ही कीर्ति क्राफ्ट पेपर मिल में काम करने लगे थे। परिजनों के मुताबिक, सनव्वर दिन की ड्यूटी के बाद भी ओवरटाइम की वजह से फैक्ट्री में रुका हुआ था। इसी दौरान रात (आज सुबह) करीब 3 बजे पेपर कटिंग की बेल्ट की चपेट में आने से हादसा हो गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ फैक्ट्री पहुंचे। ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर सिखेड़ा पुलिस भी पहुंची और स्थिति को संभाला। विरोध और हंगामा सुबह दिन निकलने तक चलता रहा।
गुल सनव्वर सात बहनों का इकलौता भाई था। करीब डेढ़ महीने पहले ही पिता के साथ इसी फैक्ट्री में काम शुरू करने वाले सनव्वर की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
थाना सिखेड़ा प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। हालांकि उन्होंने ये भी बताया कि इस मामले में कोई तहरीर अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।
