मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद कादिर राणा को पुलिस ने मेरठ रोड पर रोक लिया। पुलिस ने उन्हें घेरकर आगे नहीं बढ़ने दिया। इस दौरान कादिर राणा और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। रोके जाने पर नाराज पूर्व सांसद ने सवाल उठाया कि क्या अब उन्हें अपने घर से भी बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा?
यह घटनाक्रम सोमवार सुबह करीब 9 बजे का बताया गया है। कादिर राणा दिल्ली जाने के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहलना चौक से आगे जाने की अनुमति नहीं दी। मौके पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद पूर्व सांसद और पुलिस के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
कादिर राणा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली पहुंचने के रास्ते में कितनी भी मुश्किलें आएं, वह पीछे हटने वाले नहीं हैं।
जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को लेकर मुज़फ़्फ़रनगर में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। कादिर राणा को रास्ते में रोके जाने के बाद अब इस बात पर नजर है कि सपा के अन्य नेता आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच पाते हैं या नहीं।
