Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर में ‘हर घर जल’ की रफ्तार: 184 गांवों तक पहुंचा पानी, 530 गांवों को जोड़ने का लक्ष्य

मुज़फ़्फ़रनगर में ‘हर घर जल’ की रफ्तार: 184 गांवों तक पहुंचा पानी, 530 गांवों को जोड़ने का लक्ष्य

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर में केंद्र सरकार की ‘जल जीवन मिशन’ के तहत ‘हर घर जल’ योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। जिले में अब तक 184 गांवों और मजरों तक पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा चुका है। कुल 530 गांवों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए सैकड़ों पानी की टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि योजना का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है और बाकी कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

530 गांवों को जोड़ने की बड़ी योजना

मुज़फ़्फ़रनगर जिले में ‘हर घर जल’ योजना के तहत कुल 530 गांवों और मजरों तक पाइपलाइन से पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
इसके लिए कुल 343 प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं, जिनमें पानी की टंकियों का निर्माण शामिल है। कुछ स्थानों पर एक ही टंकी से एक से अधिक गांवों को जोड़ा जा रहा है, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।

184 गांवों तक पहुंचा पेयजल

अब तक जिले में 33 प्रोजेक्ट पूरी तरह से चालू हो चुके हैं, जिनके जरिए 52 गांवों और मजरों में पानी की सप्लाई शुरू हो चुकी है।
इसके अलावा 51 प्रोजेक्ट पर ट्रायल चल रहा है, जिनसे 132 गांवों को जोड़ा गया है।
इस तरह कुल मिलाकर 103 प्रोजेक्ट (पूर्ण और ट्रायल सहित) के जरिए 184 गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचने लगा है। इनमें सिलाजुड्डी, खेड़ी विरान, तिगरी और सिखरेड़ा जैसे गांव शामिल हैं।

959 करोड़ की लागत, आधा बजट जारी

जल निगम के अधिशासी अभियंता संजय कुमार के अनुसार, “यह पूरी योजना करीब 959 करोड़ रुपये की है। अब तक सरकार की ओर से लगभग 483 करोड़ रुपये का बजट जारी किया जा चुका है।” अधिकारियों को उम्मीद है कि अप्रैल के अंत तक या मई के शुरूआत में अतिरिक्त बजट आवंटित होगा, जिससे बाकी परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

ALSO READ THIS :  मेरठ में मोदी को काले झंडे दिखाएंगे किसान नेता! SDM ऑफ़िस के बाहर 5 दिन से धरना दे रहे भाकियू तोमर की प्रशासन को चेतावनी!

75-80% काम पूरा, जल्द पूरा होगा लक्ष्य


अधिशासी अभियंता संजय कुमार का कहना है कि योजना का करीब 75 से 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्यों को भी तेजी से पूरा करने की कोशिश की जा रही है, ताकि सभी गांवों में घर-घर पाइपलाइन से पानी पहुंचाया जा सके।

ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ

इस योजना के पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को साफ और सुरक्षित पेयजल घर तक मिलने लगेगा। इससे न सिर्फ पानी की किल्लत कम होगी, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें