Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर में फिर बदला मौसम, मूसलाधार बारिश शुरू: लोगों को मिली उमस भरी गर्मी से राहत; कांवड़ियों ने लगाए हर-हर महादेव के जयकारे

मुज़फ़्फ़रनगर में फिर बदला मौसम, मूसलाधार बारिश शुरू: लोगों को मिली उमस भरी गर्मी से राहत; कांवड़ियों ने लगाए हर-हर महादेव के जयकारे

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान मुज़फ़्फ़रनगर के लोगों को सोमवार को अचानक बदले मौसम ने बड़ी राहत दी। सोमवार सुबह करीब 11:20 बजे जिले में बूंदाबांदी शुरू हुई, लेकिन महज 10 मिनट के भीतर बूंदाबांदी ने मूसलाधार बारिश का रूप ले लिया। देखते ही देखते शहर और आसपास के इलाकों में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आने लगा।

बारिश शुरू होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। गर्मी और उमस के बीच अचानक हुई तेज बारिश से तापमान गिरकर करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI भी महज 41 दर्ज किया गया, जिससे हवा की गुणवत्ता भी काफी बेहतर नजर आई।

गत शुक्रवार को भी मुज़फ़्फ़रनगर में दिनभर बारिश हुई थी। इसके बाद शनिवार और रविवार को एक बार फिर तेज गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया था। दो दिनों तक उमस भरी गर्मी के बाद सोमवार को अचानक आसमान में बादल छाए और बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ ही देर में बारिश इतनी तेज हो गई कि सड़कों पर पानी बहता नजर आया।

कांवड़ यात्रा के बीच हुई इस बारिश ने शिवभक्तों को भी राहत पहुंचाई। शिव चौक समेत कांवड़ मार्ग पर मौजूद शिवभक्त बारिश में भी उत्साहित नजर आए। कई कांवड़ियों ने बारिश का स्वागत ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ किया। बारिश के बीच कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

तेज बारिश के कारण जहां आम लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं कांवड़ यात्रा मार्ग पर भी मौसम सुहावना हो गया। बड़ी संख्या में शिवभक्त बारिश के बीच अपनी यात्रा पर आगे बढ़ते नजर आए।

ALSO READ THIS :  छपार टोल हत्याकांड से सुलगती रंजिश की चिंगारी, मांगेराम त्यागी का कलेक्ट्रेट में धरना, हत्या की साजिश पर विनोद मलिक ने फोड़ा रंगदारी का बम

फिलहाल बारिश ने शहर के तापमान में राहत देने के साथ-साथ वातावरण को भी ठंडा कर दिया है। हालांकि तेज बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों और कुछ सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। कांवड़ यात्रा के चरम के बीच मौसम का यह बदलाव शिवभक्तों के लिए भी राहत लेकर आया है।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें