मुजफ्फरनगर में योगी के मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में हजारों क्षेत्रवासियों ने रंगों की मस्ती में डूबकर होली मनाई। आचार्य प्रमोद कृष्णम के सान्निध्य में भाईचारा और सामाजिक समरसता का संदेश गूंजा।
मुजफ्फरनगर। शहर के बाहरी छोर के जानसठ रोड पर The SD Public School के मैदान में मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा आयोजित “होली मिलन समारोह” पूरे उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में हजारों क्षेत्रवासी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरा मैदान रंगों, नाच-गाने और आपसी सौहार्द के भाव से सराबोर रहा।

मुख्य अतिथि आचार्य प्रमोद कृष्णम का सान्निध्य
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य प्रमोद कृष्णम उपस्थित रहे। साथ ही प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिला प्रभारी सूर्य प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल का संदेश
संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का सबसे बड़ा प्रतीक है।

यह त्योहार हमें मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलजुल कर जीने की सीख देता है। विविध रंगों की तरह समाज के सभी वर्ग मिलकर ही विकास और प्रगति का मार्ग बनाते हैं।
मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जनकल्याण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संजोते हुए समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाएं।

काव्य प्रस्तुतियों ने बढ़ाई गरिमा
कार्यक्रम में राष्ट्र कवयित्री अनामिका जैन अंबर और कवि सौरभ सुमन ने अपनी भावपूर्ण काव्य प्रस्तुतियों से मंच को और आकर्षक बनाया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका जोरदार स्वागत किया।
आभार और शुभकामनाएं
समारोह के अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के स्नेहपूर्ण सहयोग के लिए हृदय से आभार जताया। उन्होंने कामना की कि होली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौहार्द के नए रंग भर दे।


