मुज़फ़्फ़रनगर। एशिया की प्रसिद्ध गुड़ मंडी और ‘गुड़ की नगरी’ के रूप में पहचान रखने वाली मुज़फ़्फ़रनगर की नवीन मंडी में नए गुड़ के सत्र की शुरुआत हो गई है। 21 सितंबर यानी सोमवार को नए गुड़ की पहली आवक के साथ व्यापारिक गतिविधियां शुरू हुईं। नए गुड़ का शुरुआती भाव 2100 रुपए प्रति मन यानी 40 किलो रहा।
नए गुड़ की पहली बिक्री रजत सिंघल के यहां हुई। सोमवार सुबह करीब 10 बजे शुभ मुहूर्त में सोनू सिंघल ने नए गुड़ की बिक्री की शुरुआत कराई। नए सत्र के पहले ही दिन मंडी में किसानों, व्यापारियों और मजदूरों की मौजूदगी से रौनक दिखाई दी।
नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि मुज़फ़्फ़रनगर की गुड़ मंडी देशभर में अपनी पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि नए सत्र में गुड़ का शुरुआती भाव 2100 रुपए प्रति मन खुला है। उनके अनुसार, यह पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर शुरुआती भाव है।
संजय मिश्रा ने कहा कि गुड़ के भाव में तेजी रहने से किसानों को गन्ने का अच्छा मूल्य मिलने की उम्मीद है। मंडी में अलग-अलग गुणवत्ता और किस्मों का गुड़ पहुंचना शुरू हो गया है। इनमें खुर्पा, चाकू, लड्डू, बर्फी और शक्कर जैसी किस्में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग किस्मों के भाव उनकी गुणवत्ता के अनुसार तय हो रहे हैं। शामली की शक्कर का भाव 6500 रुपए तक पहुंचने की जानकारी भी व्यापारियों ने दी। नए सत्र की शुरुआत से मंडी में पिछले चार-पांच महीनों से खाली बैठे मजदूरों को भी काम मिलने की उम्मीद है।
नए गुड़ की आवक शुरू होने के साथ किसान, व्यापारी और मजदूरों में उत्साह नजर आया। इस मौके पर नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री अंचित मित्तल, उपाध्यक्ष मनीष चौधरी, उपाध्यक्ष भारत सिंघल, कुलवंत सिंह काकण, कमरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान और मजदूर मौजूद रहे।

