Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » बारिश में बह गई मुजफ़्फ़रनगर के जौली रोड की ‘महरम पट्टी’: फिर उखड़ गई PWD की गड्ढा भराई की ‘रस्म’, फिर उभर आए गड्ढे और भर गया पानी, राहगीरों को भारी परेशानी

बारिश में बह गई मुजफ़्फ़रनगर के जौली रोड की ‘महरम पट्टी’: फिर उखड़ गई PWD की गड्ढा भराई की ‘रस्म’, फिर उभर आए गड्ढे और भर गया पानी, राहगीरों को भारी परेशानी

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। जौली रोड की हालत एक बार फिर खराब होती नजर आ रही है। कांवड़ यात्रा से पहले लोक निर्माण विभाग यानी PWD) की ओर से सड़क के गड्ढों को भरने के लिए की गई मरम्मत बारिश के बाद कुछ ही दिनों में बेअसर होती दिखाई दे रही है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे के सामने आए वीडियो में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उनमें भरा पानी नजर आ रहा है।

जौली रोड पर NH-58 के बिलासपुर कट से लेकर भंडूर पुलिस चौकी तक सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है। बिलासपुर कस्बे को पार करने के बाद सड़क पर हालात और ज्यादा खराब नजर आते हैं। कई स्थानों पर बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर गया है।

बारिश में फिर उखड़ी गड्ढा भराई

कांवड़ यात्रा से पहले सड़क पर बने गड्ढों को भरने के लिए PWD की ओर से मरम्मत कराई गई थी। स्थानीय स्तर पर इसे लेकर उम्मीद थी कि सड़क कुछ समय के लिए बेहतर हो जाएगी, लेकिन बारिश के बाद कई जगहों पर भराई उखड़ गई।

अब सड़क पर दोबारा गड्ढे दिखाई देने लगे हैं। इनमें पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। इससे हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।

राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी

जौली रोड से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और लोग गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

ALSO READ THIS :  30 साल का हुआ दुनिया का सबसे लंबा धरना! आज भी अपनी जिद पर अड़े हैं मास्टर विजय सिंह, अब योगी सरकार को दी आखिरी चेतावनी! पढ़िए पूरी कहानी

मंगलवार सुबह सामने आए वीडियो के बाद सड़क की गुणवत्ता और कांवड़ यात्रा से पहले कराई गई मरम्मत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थायी मरम्मत की जरूरत है, क्योंकि अस्थायी तौर पर गड्ढे भरने के बाद समस्या दोबारा सामने आ रही है।

शासन को भेजा गया सड़क निर्माण का प्रस्ताव

मामले में PWD (प्रथम) के SDO ईश्वर सिंह ने बताया कि सड़क के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। यानी फिलहाल सड़क के स्थायी निर्माण के लिए शासन स्तर से स्वीकृति और आगे की प्रक्रिया का इंतजार है।

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें