- ‘द एक्स इंडिया’ के लिए प्रधान संपादक अमित सैनी की रिपोर्ट
देशभर में चल रही ‘I Love Muhammad’ मुहिम के जवाब में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ‘I Love Mahadev’ के होर्डिंग्स लगाए गए हैं। राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने शहर के पांच स्थानों पर होर्डिंग्स स्थापित किए।
संगठन के राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोड़ा ने कहा कि यह राष्ट्र और हिंदुत्व के सम्मान में उठाया गया कदम है।
‘शिव सर्वोपरि, किसी को एतराज न हो’
संजय अरोड़ा ने बताया कि “संगठन की तरफ से पूरे देश के अंदर होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। ‘I Love Mahadev’ के नाम से एक मुहिम चलाई गई है। हम अपने प्रभु शिव को याद कर रहे हैं और उनका ही हम नाम ले रहे हैं, इसमें किसी को एतराज नहीं होना चाहिए।”

राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोड़ा
संजय अरोड़ा कहते हैं, “शिव ही सर्वोपरि हैं, शिव ही सत्य है और शिव ही सब कुछ है… और शिव के अलावा कुछ नहीं है इस दुनिया में… और अगर उसके नाम पर कोई एतराज कर रहा है तो वो गलत है।
’20 होर्डिंग का था लक्ष्य, लग पाए 5′
संजय अरोड़ा कहते हैं, “हम लोगों को 20 होर्डिंग लगाने थे, जिनमें से केवल 5 होर्डिंग ही लग पाए हैं और उसके बाद से प्रशासन लगातार हमसे संपर्क कर रहा है। प्रशासन द्वारा कहा गया है कि अभी आप रहने दें। प्रशासन हमसे सहयोग की उम्मीद करता है और हम भी प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा करते हैं।”
होर्डिंग्स पर नजर, शांति का आह्वान
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशासन की अपील पर होर्डिंग्स की संख्या सीमित की गई है। संगठन ने 6 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर में हिंदू एकता यात्रा (महादेव यात्रा) का ऐलान किया है। इसके लिए प्रशासन को पत्र भेजा जा रहा है, ताकि यात्रा सुचारू रूप से हो।

राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने शहर के पांच स्थानों पर होर्डिंग्स स्थापित किए
अरोड़ा ने कहा, “इसका मतलब ये नहीं है कि कोई जेहादी लोग भड़काएं और कोई बात करें, वो भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
‘जेहादियों जैसी नहीं होगी हमारी यात्रा’
संजय अरोड़ा कहते हैं, ‘हमारी यात्रा पूर्णतः शांतिपूर्ण तरीके से होगी, ये नहीं कि हम लोग ‘I Love Mahadev’ लिखकर किसी का सिर तन से जुदा करेंगे, या किसी पर हम पथराव करेंगे या फिर पुलिस पर पथराव करेंगे, पुलिस को चैलेंज करें या प्रशासन के अधिकारियों को चैलेंज करेंगे, हम ऐसा कतई नहीं करेंगे।’
‘I Love Muhammad’ मुहिम से शुरू सिलसिला!
यह मुहिम ‘I Love Muhammad’ कैंपेन के जवाब में आई है, जो सोशल मीडिया पर मुस्लिम युवाओं द्वारा चलाई जा रही है। कानपुर में बारावफात जुलूस के दौरान लगे बोर्ड से शुरू हुआ विवाद देशभर में फैल गया। कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन हुए और मुस्लिम नेताओं ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी बताया।
हिंदू संगठन इसे चुनौती मानते हुए ‘I Love Mahadev’ से जवाब दे रहे हैं। मुजफ्फरनगर में यह होर्डिंग्स इसी संदर्भ में लगाए गए हैं, जो हिंदू एकता को मजबूत करने का प्रयास है।

राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने शहर के पांच स्थानों पर होर्डिंग्स स्थापित किए
सामाजिक सद्भाव की जरूरत, संगठन का संतुलित रुख
संगठन ने जोर देकर कहा कि यह शिव भक्ति का प्रचार है, जो किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं रखता। अरोड़ा ने कहा कि जाति-बिरादरी से ऊपर उठकर हिंदुओं को एकजुट होने की आवश्यकता है। प्रशासन की अपील का सम्मान करते हुए मुहिम को नियंत्रित किया जा रहा है। यह घटना धार्मिक भावनाओं की अभिव्यक्ति की सीमाओं पर बहस छेड़ रही है, लेकिन सामाजिक सद्भाव बनाए रखना जरूरी है।
23 राज्यों में होर्डिंग्स, एकता का संदेश
संगठन ने 23 राज्यों में ‘I Love Mahadev’ होर्डिंग्स लगाने का ऐलान किया है। अरोड़ा ने कहा, “मुजफ्फरनगर से शुरू यह मुहिम राष्ट्र और हिंदुत्व के सम्मान को समर्पित है। 6 अक्टूबर की यात्रा में हजारों लोग शामिल होने की उम्मीद है। प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा है, ताकि शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन हो।”
सामाजिक तनाव, शांति की अपील
यह मुहिम सामाजिक तनाव बढ़ा सकती है, इसलिए संतुलन जरूरी है। मुजफ्फरनगर में पुलिस अलर्ट है। संगठन ने कहा कि किसी को एतराज न हो, क्योंकि यह भक्ति है। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस अथवा किसी भी प्रशासनिक अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है।


