Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » जुमे की नमाज़ पर अलर्ट रहा मुजफ्फरनगर: सहारनपुर मस्जिद प्रकरण के बीच बरती गई सतर्कता, 45 संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस तैनात; ड्रोन से निगरानी, DM-SSP ने खुद संभाली कमान

जुमे की नमाज़ पर अलर्ट रहा मुजफ्फरनगर: सहारनपुर मस्जिद प्रकरण के बीच बरती गई सतर्कता, 45 संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस तैनात; ड्रोन से निगरानी, DM-SSP ने खुद संभाली कमान

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। सहारनपुर में मस्जिद प्रकरण को लेकर शुक्रवार को मुज़फ़्फ़रनगर में भी जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। शहर के संवेदनशील और मुस्लिम बाहुल्य इलाकों के साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन कैमरों से निगरानी की, जबकि अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लेते रहे।

शहर के मीनाक्षी चौक, खालापार, सरवट चौक, किदवई नगर, मदीना चौक, महमूद नगर और लद्धावाला समेत कई इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के मुताबिक जनपद में कुल 45 संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित किए गए थे, जहां विशेष निगरानी रखी गई।

खालापार के फक्करशाह चौक पर DM उमेश कुमार मिश्रा और SSP संजय कुमार वर्मा ने खुद पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके की स्थिति देखी और तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।

डीएम उमेश कुमार मिश्रा ने कहा कि सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सुबह से ही फील्ड में निकलकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी मस्जिदों में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करा दी गई है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस की ओर से अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आने पर उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ THIS :  नई मंडी पार्क तोड़ने पर एक्शन! राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रेलवे को भेजा सख्त पत्र

सुरक्षा व्यवस्था के तहत क्यूआरटी और चीता मोबाइल के जरिए भी लगातार गश्त और निगरानी की गई। पुलिस का उद्देश्य किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से पहले ही निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त फोर्स और मोबाइल टीमों की मौजूदगी सुनिश्चित करना रहा।

हालांकि, शुक्रवार को मुज़फ़्फ़रनगर में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना सामने नहीं आई। पुलिस-प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी जारी रखी और लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें