मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के खतौली में प्रेम विवाह करने वाले एक युगल ने अपने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए एसएसपी सूरज कुमार राय से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे SSP ऑफिस पहुंचकर युवती ने आरोप लगाया कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है, लेकिन उसके परिजन इस रिश्ते से नाराज हैं। ऐसे में उसे और उसके पति को नुकसान पहुंचाए जाने का डर है।
एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में युवती ने अपनी जन्मतिथि 25 जनवरी 2007 बताते हुए कहा कि उसने 21 सितंबर 2026 को मोहम्मद शान पुत्र मोहम्मद शाह फैसल निवासी मोहल्ला बालकराम, कस्बा खतौली के साथ प्रेम विवाह किया है। युवती के अनुसार, दोनों करीब सात साल से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अपनी जिंदगी साथ बिताना चाहते थे। उसने शादी अपनी मर्जी से करने और किसी तरह के दबाव, जोर-जबरदस्ती, बहकावे या लालच से इनकार किया है।
युवती ने आरोप लगाया कि मोहम्मद शान के परिवार के लोग कई बार उसके घर शादी का रिश्ता लेकर पहुंचे थे। इस दौरान उसके परिजनों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और बेइज्जत कर घर से निकाल दिया। इसके बाद दोनों ने परिवारों की असहमति के बीच प्रेम विवाह करने का फैसला लिया।
युवती ने अपने पिता, मां, भाइयों, चाचा से खुद और अपने पति की जान को खतरा बताया है। उसका आरोप है कि परिजन दोनों के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं।
मोहम्मद शान ने भी बताया कि उसका परिवार शादी का रिश्ता लेकर युवती के घर गया था, लेकिन वहां उनके परिवार का अपमान किया गया। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज करने का निर्णय लिया। प्रेमी युगल ने एसएसपी से जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
